
रायपुर। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने राजीव भवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के प्रथम चरण में कांग्रेस की विजय का दावा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर के जिला पंचायत चुनावों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने शानदार प्रदर्शन किया है। प्रथम चरण के 149 क्षेत्रों में कांग्रेस के 78 सदस्य चुनाव जीत कर आए हैं, जबकि भाजपा के केवल 66 सदस्य ही विजयी हो पाए हैं।
सुशील आनंद शुक्ला ने भाजपा द्वारा किए गए दावों को खारिज करते हुए कहा कि वास्तविकता यह है कि कांग्रेस को पंचायत चुनावों में भाजपा से अधिक सीटें मिली हैं। कांग्रेस के 12 सदस्य भाजपा से अधिक चुनाव जीतकर आए हैं।
उन्होंने आगे कहा कि पंचायत के अन्य पदों जैसे पंच, सरपंच और जनपद पंचायत सदस्य में भी कांग्रेस का दबदबा रहा। प्रदेश भर के 3605 सरपंचों में से 2100 से अधिक सरपंच कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने जीतें, जबकि 911 जनपद पंचायत सदस्य में से 600 से ज्यादा सदस्य कांग्रेस के उम्मीदवारों ने जीतें हैं।
शुक्ला ने यह भी कहा कि पंचायत चुनाव बैलेट पेपर से हुए हैं, न कि ईवीएम से, जिससे भाजपा किसी भी तरह की धांधली नहीं कर पाई और उसे मुंह की खानी पड़ी। उनका कहना था कि देश में जब भी चुनाव बैलेट पेपर से होंगे, भाजपा की हार तय है।