
रायपुर। छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय चुनाव में भाजपा को पूरी तरह से पराजय का सामना करना पड़ा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं और कहा कि भाजपा पंचायत चुनावों के जनादेश को पलटने की साजिश कर रही है।
दीपक बैज ने बताया कि जिला पंचायत में कांग्रेस के 18 जिला अध्यक्ष बनने की स्थिति बन चुकी है, जबकि 7 जगह कांग्रेस समर्थित सदस्य भाजपा के खिलाफ अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थित हार चुके प्रत्याशियों को जीत का सर्टिफिकेट बिना टेबुलेशन के दे दिया जा रहा है, जबकि कांग्रेस के जीत चुके समर्थित सदस्यों को उनका सर्टिफिकेट नहीं दिया जा रहा है। इसके अलावा, कांग्रेस समर्थित कार्यकर्ताओं को धमकाने का भी आरोप लगाया गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर रही है और बिना बहुमत के भी कांग्रेस समर्थित सदस्यों पर दबाव डालकर उन्हें भाजपा के पक्ष में करने की कोशिश कर रही है। दीपक बैज ने बताया कि कांग्रेस समर्थित सदस्यों को चार चक्के गाड़ियों जैसे इनोवा, स्कार्पियो और फार्चुनर का लालच दिया जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि तीनों चरणों में कांग्रेस ने कुल 234 जिला पंचायत सदस्य चुनाव जीतकर एक बड़ी जीत हासिल की है। जनपद पंचायतों और सरपंच चुनावों में भी कांग्रेस के उम्मीदवार भाजपा से अधिक संख्या में जीतकर आए हैं।
दीपक बैज ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं ने भाजपा के खिलाफ वोट दिया और कांग्रेस का समर्थन किया है। भाजपा की साजिशों के खिलाफ कांग्रेस के कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं और उनका मुकाबला करेंगे।
