
रायपुर। कांग्रेस ने 3 मार्च को ईडी दफ्तर का घेराव करने का ऐलान किया है। यह प्रदर्शन ईडी की कार्यवाही के विरोध में किया जाएगा, जो कांग्रेस नेताओं को प्रताड़ित करने के आरोप में है। कांग्रेस का आरोप है कि ईडी भाजपा के इशारे पर काम कर रही है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को परेशान कर रही है।
कांग्रेस के सुकमा जिला कार्यालय के निर्माण संबंधी जानकारी की मांग के बाद ईडी ने प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू को जबरिया 9 घंटे तक रोके रखा। इस कार्रवाई के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में गहरी नाराजगी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि, “ईडी अपनी जांच करे, हम पूरा सहयोग करेंगे, लेकिन यदि ईडी कांग्रेस नेताओं से दुर्व्यवहार करती है तो उसे उसी की भाषा में जवाब दिया जाएगा। ईडी भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रही है और भाजपा राज्य में विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए इसका दुरुपयोग कर रही है।”
कांग्रेस ने यह भी सवाल उठाया है कि सिर्फ कांग्रेस के खर्चों की ही क्यों पड़ताल की जा रही है, भाजपा के खर्चों की जांच क्यों नहीं की जा रही है? कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा के 150 करोड़ रुपये की लागत से बने कुशाभाऊ ठाकरे कार्यालय और एकात्म परिसर की जांच होनी चाहिए। भाजपा ने एकात्म परिसर की जमीन सिर्फ 1 रुपये में प्राप्त की और उस पर व्यवसायिक काम्प्लेक्स बना दिया, जहां से 1.5 करोड़ रुपये का किराया वसूला जा रहा है। कांग्रेस ने ईडी से इन मामलों की भी जांच की मांग की है।
कांग्रेस ने ऐलान किया है कि सुभाष स्टेडियम स्थित ईडी दफ्तर का घेराव कर ईडी की कार्यवाही का विरोध किया जाएगा।