
रायपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक मासूम बच्ची के साथ हुए जघन्य अपराध ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। नवरात्रि जैसे पावन पर्व के दौरान जब देशभर में कन्याओं की पूजा हो रही थी, उस वक्त दुर्ग में एक अबोध बालिका के साथ दुष्कर्म कर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। इस वीभत्स घटना को लेकर प्रदेशभर में आक्रोश है।
कांग्रेस पार्टी ने इस घटना को राज्य की गिरती कानून व्यवस्था का प्रतीक बताया है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए 18 से 21 अप्रैल तक “न्याय यात्रा” निकालने की घोषणा की है। यह यात्रा दुर्ग से रायपुर तक निकाली जाएगी और 21 अप्रैल को मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।
कांग्रेस का आरोप: भाजपा शासन में महिलाएं असुरक्षित
कांग्रेस नेताओं ने पत्रकार वार्ता में कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने के बाद बेटियां, बहने, माताएं सुरक्षित नहीं हैं।
पार्टी ने आरोप लगाया कि:
-
राज्य में बलात्कार और हत्या की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं।
-
अपराधियों में कानून का कोई भय नहीं रह गया है।
-
पुलिस प्रशासन निष्क्रिय हो चुका है, लोगों का भरोसा उठ गया है।
दुर्ग की इस घटना के बाद स्थानीय जनता का आक्रोश इस कदर भड़का कि आरोपी के घर में आगजनी कर दी गई। इसी तरह बलौदाबाजार, सूरजपुर, बलरामपुर जैसे क्षेत्रों में भी प्रशासन की विफलता के चलते जनता सड़कों पर उतर आई है।
पुलिस पर गंभीर आरोप:
कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाए कि:
-
पुलिस ने पीड़िता के परिजनों को प्रताड़ित किया।
-
वृद्ध दादा और मृतका की हम उम्र बुआ के साथ मारपीट की गई।
-
8 लोगों को झूठे आरोपों में जेल भेजा गया।
-
जिसे अपराधी बताया जा रहा, उसे मृतका के परिजन दोषी नहीं मानते।
-
पुलिस असली अपराधी को बचाने और मामले की लीपापोती में जुटी है।
कांग्रेस की मांगें:
-
घटना की CBI जांच कराई जाए।
-
दुर्ग एसपी को तत्काल हटाया जाए और संबंधित थाना प्रभारी को निलंबित किया जाए।
-
गृह मंत्री इस्तीफा दें या मुख्यमंत्री उन्हें पद से बर्खास्त करें।
कांग्रेस की “न्याय यात्रा”:
-
18-21 अप्रैल: दुर्ग से रायपुर तक “न्याय यात्रा”
-
21 अप्रैल: मुख्यमंत्री निवास का घेराव
प्रमुख नेता रहे मौजूद:
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, जांच समिति की संयोजक संगीता सिन्हा, महामंत्री सुबोध हरितवाल, ममता चंद्राकर, हेमा देशमुख, प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र वर्मा, सत्यप्रकाश सिंह, अजय गंगवानी और प्रगति बाजपेयी उपस्थित थे।