Monday, April 21, 2025
Homeरायपुरकुम्हारी टोल प्लाजा में “गब्बर सिंह टैक्स” के खिलाफ कांग्रेस का अनोखा...

कुम्हारी टोल प्लाजा में “गब्बर सिंह टैक्स” के खिलाफ कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, जनता को गुलाब और अधिकारियों को बेशरम का फूल भेंट

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कुम्हारी टोल प्लाजा पर आज कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के नेतृत्व में अनोखा प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने टोल प्लाजा में हो रही अवैध वसूली को “गब्बर सिंह टैक्स” का नाम देते हुए भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला।

प्रदर्शन के दौरान टोल कर्मचारियों को ‘बेशरम का फूल’ भेंट किया गया, ताकि वे इसे भाजपा नेताओं तक पहुंचा सकें, वहीं आम जनता को गुलाब के फूल भेंटकर उनके समर्थन में एकजुटता दिखाई गई। यह प्रदर्शन लगभग दो घंटे चला और चक्का जाम जैसी स्थिति बन गई।

विकास उपाध्याय बोले – ये जेब पर डाका है, लड़ाई आखिरी सांस तक जारी रहेगी

पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि कुम्हारी टोल प्लाजा की अवधि समाप्त होने के बावजूद यहां अवैध वसूली बदस्तूर जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता जनता की जेब काटकर अपनी जेबें भरने में लगे हैं और टेंडर पर टेंडर निकालकर टोल की अवधि को जबरन बढ़ाया जा रहा है।

विकास उपाध्याय ने बताया कि उन्होंने इस मुद्दे को लेकर केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा था और चर्चा हेतु समय मांगा था, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं आया।

“जब तक कुम्हारी टोल प्लाजा को हटाया नहीं जाता, तब तक कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन जारी रखेगी और सड़कों पर लड़ाई लड़ेगी,”
– विकास उपाध्याय

दिल्ली में भी प्रदर्शन की तैयारी, एनएचएआई को भी सौंपा गया ज्ञापन

कुछ दिन पूर्व ही विकास उपाध्याय एनएचएआई के कार्यालय पहुंचे थे और कुम्हारी टोल को हटाने की मांग की थी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अब दिल्ली में प्रदर्शन की तैयारी की जा रही है और यदि आवश्यक हुआ तो यह आंदोलन और तेज़ किया जाएगा।

नितिन गडकरी का पुराना वादा भी याद दिलाया

विकास उपाध्याय ने 19 मार्च 2021 को संसद में दिए गए नितिन गडकरी के बयान का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने कहा था कि भारत में जल्द ही टोल नाके समाप्त होंगे और सिर्फ GPS के जरिए वसूली होगी, साथ ही 60 किमी के दायरे में केवल एक ही टोल प्लाजा होगा। लेकिन छत्तीसगढ़ में मंदिरहसौद, कुम्हारी, दुर्ग और राजनांदगांव टोल प्लाजा की दूरी इस वादे की पोल खोल रही है।

जनता से दोहरी वसूली पर सवाल

उपाध्याय ने कहा कि जब वाहन खरीदते समय रोड टैक्स पहले ही लिया जाता है, तो फिर अतिरिक्त टोल टैक्स वसूलना जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह सड़कें बनाकर नहीं, बल्कि जनता की जेब पर डाका डालकर खजाना भर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular