
भैयाथान (सरगुजा)। गांव चलो, बस्ती चलो’ अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ की कैबिनेट मंत्री एवं भटगांव विधानसभा क्षेत्र की विधायक लक्ष्मी राजवाड़े ने भैयाथान विकासखंड के विभिन्न गांवों का दौरा कर आमजन से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। मंत्री राजवाड़े ने नवापारा, शिवप्रसादनगर, सोनपुर, भंवरही और करोंदामुड़ा में चौपाल लगाकर समस्याओं के समाधान की दिशा में त्वरित निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा, “जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उन्होंने मौके पर मौजूद ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि हर पात्र व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना अनिवार्य है।
मंत्री ने महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं से संवाद करते हुए महतारी वंदन योजना, पेंशन, बिजली-पानी, प्रधानमंत्री आवास योजना जैसे मुद्दों पर जानकारी प्राप्त कर संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “आवास योजना के लाभार्थी थोड़ी अतिरिक्त राशि लगाकर अपने घर को और बेहतर बना सकते हैं।”
स्थानीय विकास से जुड़े निर्णय भी मौके पर लिए गए, जैसे:
-
शिवप्रसादनगर में काली मंदिर का जीर्णोद्धार
-
सोनपुर में हाई मास्क लाइट की स्थापना
-
करोंदामुड़ा में ग्रामीण देवला का पुनर्निर्माण
मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, जल संरक्षण का संदेश देते हुए ग्रामीणों से ग्रामसभा और सरकारी शिविरों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
इस दौरान क्रेड़ा और PHE विभाग के विकासखंड अधिकारी की अनुपस्थिति पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने कारण बताओ नोटिस जारी करने और भविष्य के सभी कार्यक्रमों में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पंचायत सदस्य, कर्मचारी और ग्रामीण उपस्थित रहे, जिनमें जिला पंचायत सदस्य कुसुम सिंह, अजजा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यनारायण सिंह, जनपद उपाध्यक्ष राजीव प्रताप सिंह, मंडल अध्यक्ष सुनील साहू, सरपंच संतोष कांशी आदि शामिल थे।
