
रायपुर। नया रायपुर में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर 17 में एक तेज रफ्तार कार स्ट्रीट पोल से जा टकराई, जिससे कार में आग लग गई और वाहन चला रहा युवक गौतम सतवानी जिंदा जल गया। हादसे में कार सवार दो अन्य युवक प्रियांशु सचदेव और अविराज गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका इलाज अस्पताल में जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौतम सतवानी, जो शदानी दरबार इलाके का निवासी था, सोमवार को अपने दोस्तों के साथ नवा रायपुर की सड़कों पर तेज रफ्तार में कार चला रहा था। कार अचानक सेक्टर 17 में अनियंत्रित होकर एक स्ट्रीट पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के पुर्जे 30 फीट दूर तक जा गिरे और वाहन में तुरंत आग लग गई। हादसे में गौतम की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार सवार तीनों युवक शराब के नशे में थे, जिससे दुर्घटना की संभावना और भी बढ़ गई। टक्कर के बाद स्ट्रीट पोल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घायलों का इलाज जारी
घटना में घायल प्रियांशु और अविराज को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सवालों के घेरे में यातायात व्यवस्था
यह हादसा एक बार फिर नवा रायपुर में लापरवाह ड्राइविंग और यातायात नियमों के प्रति उदासीनता को उजागर करता है। साथ ही यह भी सवाल उठता है कि शराब के नशे में वाहन चलाने पर किस हद तक सख्ती लागू हो रही है।
पुलिस अपील
मंदिर हसौद थाना पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय नशा न करें और गति सीमा का पालन करें, ताकि ऐसे जानलेवा हादसों से बचा जा सके।
