
रायपुर। रायपुर जिले के खरोरा क्षेत्र में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 14 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
मुख्यमंत्री साय ने अपने संदेश में कहा, “खरोरा में हुए भीषण सड़क हादसे की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। मैं दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ। संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है।”
राज्य सरकार ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को पाँच-पाँच लाख रुपए और घायलों को पचास-पचास हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के लिए तत्काल कदम उठाने के निर्देश भी दिए हैं।
साथ ही जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों की त्वरित और सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि किसी भी पीड़ित को आवश्यक मदद में देरी न हो।
यह हादसा प्रदेश के लिए एक बड़ी त्रासदी है, और प्रशासन लगातार राहत कार्यों में जुटा हुआ है।
