
रायपुर। सुशासन तिहार 2025 के अंतर्गत राजधानी रायपुर में मंगलवार को आयोजित समाधान शिविरों में सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने शंकर नगर (नगर निगम जोन-3) और नवा रायपुर के ग्राम राखी में पहुंचकर जनता से सीधा संवाद किया। उन्होंने समस्याएं सुनने के बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए और लापरवाही पर कड़ी चेतावनी भी दी।
नवा रायपुर में अवैध शराब बिक्री पर जताई नाराजगी
नवा रायपुर क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की शिकायतों पर अग्रवाल ने आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन को सख्त फटकार लगाई और चेताया कि अगर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
DFO की अनुपस्थिति पर नाराज सांसद, कारण बताओ नोटिस के निर्देश
ग्राम राखी के शिविर में वन विभाग के डीएफओ की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने जिला पंचायत सीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और समय पर उपस्थित रहकर जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा।
जन संवाद में स्पष्ट संदेश: सरकार सिर्फ योजनाएं नहीं बनाती, उनका क्रियान्वयन भी सुनिश्चित करती है
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा,”मैं यहां सांसद नहीं, जनता का सेवक बनकर आया हूँ। जब तक हर समस्या का समाधान नहीं होता, तब तक हम चैन से नहीं बैठेंगे।”
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर गांव में पानी, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं प्राथमिकता से उपलब्ध कराई जाएं।
पेयजल समस्या के समाधान हेतु एक सप्ताह की डेडलाइन
ग्राम राखी व आसपास के गांवों में पेयजल संकट की शिकायतों पर अग्रवाल ने एक सप्ताह के भीतर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिजली सुधार हेतु नए ट्रांसफार्मर और खंभों की मरम्मत को भी त्वरित प्राथमिकता में रखने को कहा।
क्षेत्रीय विकास के लिए की गई प्रमुख घोषणाएं:
-
23 नंबर नाली मार्ग पर 5 किमी WBM सड़क निर्माण हेतु मनरेगा मद से ₹50 लाख की स्वीकृति
-
ग्राम राखी में आबादी भूमि के रकबे में वृद्धि के निर्देश
-
NRDA के माध्यम से ₹14 लाख की लागत से भवन निर्माण
-
ग्राम पंचायत बरौदा में सहकारी समिति भवन के निर्माण की मंजूरी
प्रमुख उपस्थिति
समाधान शिविरों में विधायक गुरु खुशवंत साहेब, पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल, जिला ग्रामीण अध्यक्ष श्याम नारंग, जिला पंचायत अध्यक्ष, सीईओ विश्वरंजन, नगर आपूर्ति निगम अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर, साधना साहू, जोन 5 अध्यक्ष अंबर अग्रवाल, अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे। शंकर नगर और राखी दोनों शिविरों में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की सहभागिता रही।
