
जगदलपुर। सुशासन तिहार के तहत नगर पालिक निगम क्षेत्र के माहेश्वरी भवन में मंगलवार को समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें सांसद महेश कश्यप, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव, तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर जनता की समस्याएं सुनीं और उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया।
जनता से सीधे संवाद की पहल
सांसद महेश कश्यप ने समाधान शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि विकास की रोशनी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। उन्होंने बताया कि इस शिविर के माध्यम से नागरिकों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं और मांगों का तुरंत विभागीय स्तर पर निराकरण किया गया। उन्होंने जनता से जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया।
हर गारंटी को पूरा कर रही है सरकार विधायक किरण देव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने कहा कि सरकार जनता के हित में कटिबद्धता के साथ सजग होकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और मंत्रीगण गांव-गांव जाकर सीधे जनता से संवाद कर रहे हैं और उनकी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। विधायक ने राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाओं में पात्र हितग्राहियों को शामिल किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
आवेदनों का हुआ तत्काल निराकरण
समाधान शिविर में नगर निगम क्षेत्र के छह वार्डों – माता सन्तोषी वार्ड, रविन्द्रनाथ टैगोर वार्ड, गुरु घासीदास वार्ड, महारानी वार्ड, पंडित श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड और महेन्द्र कर्मा वार्ड – से कुल 244 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सभी का स्थल पर ही निराकरण किया गया।
नगर निगम क्षेत्र में अब तक कुल 3010 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 2706 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। शेष पर कार्रवाई जारी है।
महिला एवं बाल कल्याण कार्यक्रम भी संपन्न
शिविर के दौरान:
-
6 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की गई।
-
3 शिशुओं को अन्नप्राशन करवाया गया।
-
4 हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड प्रदान किए गए।
गणमान्यजनों की उपस्थिति
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ लौहशिल्प बोर्ड के अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवागन, निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा, अन्य विभागीय अधिकारी, वार्ड पार्षद एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
