
रायपुर। राजधानी रायपुर के बहुप्रतीक्षित स्काई वॉक प्रोजेक्ट को लेकर प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए इसके निर्माण के लिए 37.75 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। वहीं, इस निर्णय पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत ने शनिवार को आयोजित एक पत्रकार वार्ता में कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला।
मूणत ने कहा कि यह राशि पूर्व में स्वीकृत बजट का हिस्सा है, इसके लिए अलग से कोई बजट प्रावधान नहीं किया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव और राज्य सरकार का आभार जताते हुए कहा कि स्काई वॉक का निर्माण पैदल यात्रियों की सुविधा, ट्रैफिक नियंत्रण और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए बेहद जरूरी है।
कांग्रेस शासन में राजनीतिक अड़चनों से अटका प्रोजेक्ट
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि 2018 में सत्ता परिवर्तन के बाद कांग्रेस सरकार ने स्काई वॉक के कार्य को रोक दिया, जबकि पहले से सभी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी थीं। “कांग्रेस ने इस योजना को भ्रष्टाचार का प्रतीक बताकर जनता को गुमराह किया, लेकिन खुद ही पांच साल में इसका कोई विकल्प नहीं दे पाई,” मूणत ने कहा।
उन्होंने बताया कि स्काई वॉक के लिए वर्ष 2016-17 में सर्वे कराया गया था, जिसमें शास्त्री चौक और मेकाहारा चौक पर प्रतिदिन हजारों पैदल यात्रियों की आवाजाही की पुष्टि हुई थी। इसके बाद तीन बार सार्वजनिक प्रजेंटेशन हुए, जिसमें नगर निगम, यातायात विभाग, पीडब्ल्यूडी और अन्य विभागों के अधिकारियों की सहभागिता रही।
भ्रष्टाचार के आरोपों पर मांगी जवाबदेही
मूणत ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा, “अगर इस प्रोजेक्ट में भ्रष्टाचार हुआ होता, तो कांग्रेस की सरकार ने कार्रवाई क्यों नहीं की? तीन बार जांच कराने के बाद भी जब कुछ नहीं मिला, तो प्रोजेक्ट को जानबूझकर लटकाया गया।”
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने राजधानी को एक स्मार्ट और सुरक्षित शहर बनाने की दिशा में कार्य किया था, लेकिन कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में रायपुर के विकास के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। “पांच साल तक कांग्रेस ने केवल हवा-हवाई घोषणाएं कीं और अब जब काम शुरू हुआ है, तो मिथ्या प्रचार कर रही है।”
जनता और सरकार को जताया आभार
राजेश मूणत ने स्काई वॉक के कार्य को दोबारा शुरू करने के लिए सरकार और राजधानी की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि यह प्रोजेक्ट रायपुर की बढ़ती ट्रैफिक समस्या का समाधान देगा।
पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल, जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, और सोशल मीडिया सह प्रभारी मितुल कोठारी भी उपस्थित रहे।
