
रायपुर। छत्तीसगढ़ के लाखों राशन कार्डधारकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि जून माह में जून, जुलाई और अगस्त—तीनों महीनों का राशन एक साथ वितरित किया जाएगा। यह निर्णय मौसम विभाग की मानसून चेतावनी को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
क्या मिलेगा?
इस योजना के तहत तीन महीनों का चावल एक साथ राशन दुकानों से मिलेगा। इसका उद्देश्य बरसात के मौसम में राशन वितरण में आने वाली संभावित कठिनाइयों से लोगों को बचाना है।
वितरण की समय-सीमा तय
राज्य के खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग ने सभी राशन दुकानों को स्पष्ट निर्देश जारी किया है कि:
-
31 मई तक प्रत्येक दुकान में पूरा भंडारण किया जाए।
-
1 जून से राशन वितरण प्रारंभ कर दिया जाए।
गरीबों को मिलेगी बड़ी राहत
बरसात के मौसम में अक्सर राशन लाने में ग्रामीणों को मुश्किल होती है, विशेषकर उन इलाकों में जहां सड़कें दलदल में तब्दील हो जाती हैं या बाढ़ की आशंका बनी रहती है। ऐसे में यह पहल गरीब, आदिवासी और जरूरतमंद वर्ग के लिए संजीवनी साबित होगी।
प्रशासनिक तैयारी
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया है कि सभी जिलों में राशन गोदामों से दुकानों तक जल्द से जल्द ट्रांसपोर्टेशन की व्यवस्था की जा रही है, ताकि किसी भी इलाके में वितरण में कोई बाधा न आए।
