Saturday, March 7, 2026
Homeजांजगीर-चांपानाली खुदाई को लेकर दो पक्षों में मारपीट, दोनों ने एक-दूसरे पर...

नाली खुदाई को लेकर दो पक्षों में मारपीट, दोनों ने एक-दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप

जांजगीर-चांपा (छ.ग.)। जांजगीर नैला नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 3 में नाली निर्माण को लेकर दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और पुलिस शिकायत तक पहुंच गया। घटना नैला चौकी क्षेत्र की है, जहां दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और गाली-गलौज के आरोप लगाए हैं।

क्या है मामला?

ज्योति प्रकाश अग्रवाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वह अपनी जमीन के पास खड़े थे, जहां नगर पालिका द्वारा नाली खुदाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मनोज अग्रवाल वहां पहुंचे और मजदूरों से ज्योति की जमीन के अंदर से नाली खोदने के लिए कहने लगे। जब ज्योति ने इसका विरोध किया, तो मनोज ने कथित रूप से गालियाँ दी और मारपीट शुरू कर दी।
ज्योति का आरोप है कि उन्हें जमीन पर पटक दिया गया, जिससे उन्हें चोटें आईं। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो पुलिस की जांच में मददगार हो सकता है।

दूसरी ओर से भी आरोप

वहीं, मनोज अग्रवाल ने भी पुलिस में जवाबी रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका कहना है कि वे मरवाड़ी धर्मशाला जा रहे थे, तभी ज्योति ने उन्हें बुलाया और नाली खोदाई को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
मनोज का आरोप है कि इस दौरान दीपक अग्रवाल, राहुल गोयल, तुषार गोयल, सुरेखा अग्रवाल समेत अन्य लोगों ने मिलकर गालियाँ दीं और ईंट से हमला किया।

पुलिस का बयान

नैला चौकी प्रभारी राकेश सूर्यवंशी ने बताया कि”दोनों पक्षों की शिकायतें प्राप्त हुई हैं और एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच जारी है, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”

सीसीटीवी फुटेज बना अहम सबूत

घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड होने का दावा किया जा रहा है। फुटेज के आधार पर पुलिस को मामले की सच्चाई तक पहुंचने में मदद मिलेगी।

इस घटना ने नगर विकास कार्यों के दौरान स्थानीय विवादों की संवेदनशीलता और बढ़ती आपराधिक प्रवृत्तियों को उजागर किया है। अब देखना यह होगा कि पुलिस की जांच में सच्चाई किसके पक्ष में सामने आती है, और दोषियों पर क्या कानूनी कार्रवाई होती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular