
रायपुर। जासूसी के एक मामले में गिरफ्तार ज्योति मल्होत्रा की एआई तकनीक से तैयार की गई फेक फोटो, जिसमें वह भाजपा की टोपी और दुपट्टा पहने नजर आ रही हैं, सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी ने इस फोटो को पोस्ट करने को लेकर कांग्रेस पर सीधा हमला बोला है।
भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व विधायक रंजना साहू ने इस मामले में तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “कांग्रेस अब फेक न्यूज की फैक्ट्री बन चुकी है। यह हरकत दर्शाती है कि कांग्रेस वैचारिक रूप से पूरी तरह खोखली हो चुकी है।”
रंजना साहू ने आरोप लगाया कि इस फर्जी फोटो को कांग्रेस संचार विभाग के प्रदेश प्रमुख सुशीलआनंद शुक्ला ने सबसे पहले पोस्ट किया था, जिसे बाद में कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह ने भी रीपोस्ट किया। भाजपा नेता ने इस कृत्य को शर्मनाक बताते हुए कहा कि यह “झूठ, फेक नैरेटिव और टूलकिट एजेंडे” का हिस्सा है।
भाजपा की तीखी टिप्पणियां:
-
“मोदी विरोध में अंधी कांग्रेस अब नैतिकता की सारी सीमाएं लांघ चुकी है।”
-
“राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे गंभीर मामलों में भी कांग्रेस झूठ फैलाने से बाज नहीं आ रही है।”
-
“फेक फोटो और झूठी खबरें फैलाना अब कांग्रेस की पहचान बन गई है।”
-
“कांग्रेस ने तिल्दा सट्टेबाजी मामले में आरोपी नंदू को भी भाजपा नेता बताया था, जो खुद कांग्रेस से जुड़ा था।”
रंजना साहू ने आगे कहा कि कांग्रेस ने अब अपराधियों का कांग्रेसीकरण और राजनीति का अपराधीकरण कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब संविधान की आत्मा को लहूलुहान करने जैसा है, जबकि कांग्रेस संविधान बचाने के नाम पर ढकोसला कर रही है।
भाजपा की मांग:
-
कांग्रेस को इस फर्जी फोटो कांड पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
-
ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई की संभावना से भी इंकार नहीं किया गया है।
