
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कुम्हारी टोल प्लाजा को बंद कराने की मांग अब और तेज हो गई है। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने आज कुम्हारी टोल प्लाजा में हस्ताक्षर अभियान चलाया और आम जनता से समर्थन जुटाया। अभियान के दौरान हजारों लोगों ने अवैध टोल वसूली के खिलाफ अपने हस्ताक्षर देकर समर्थन जताया।
हस्ताक्षर अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टोल प्लाजा पर गुजरने वाले नागरिकों से संपर्क कर उन्हें टोल टैक्स की अनियमितताओं की जानकारी दी और टोल को बंद कराने की मुहिम में सहयोग मांगा। इस दौरान पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने टोल प्लाजा के उस ओपन लेन पर लगे स्कैनिंग कैमरे को काले पेंट से पोत कर बंद कर दिया, जहाँ रायपुर और दुर्ग के वाहनों को नि:शुल्क प्रवेश की सुविधा दी जाती है।
कैमरे के जरिए हो रही थी फास्टैग से अवैध वसूली
उपाध्याय ने आरोप लगाया कि इस स्कैनिंग कैमरे के माध्यम से वीआईपी वाहनों से बाद में फास्टैग के जरिए टोल वसूला जा रहा था, जबकि यह लेन नि:शुल्क होनी चाहिए। उन्होंने कहा, “जब इस रास्ते से नि:शुल्क एंट्री देनी है, तो स्कैनिंग कैमरे की जरूरत ही नहीं है। यह पूरी तरह से आम जनता से धोखा है।”
हस्ताक्षर ले जाकर न्यायालय में प्रस्तुत की जाएगी याचिका
विकास उपाध्याय ने बताया कि आज लिए गए हजारों हस्ताक्षर को जल्द ही न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा और टोल वसूली में अनियमितता करने वाली एजेंसियों व भाजपा के संरक्षण में काम कर रहे लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्यवाही की मांग की जाएगी।
पूर्व में भी कर चुके हैं कई आंदोलन
पूर्व विधायक ने यह भी बताया कि कुम्हारी टोल प्लाजा के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन जारी है। पहले भी एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर से मुलाकात, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र, रिजनल हेड से वार्ता और भाजपा के 10 सांसदों को ज्ञापन सौंपा जा चुका है।
इस अभियान में प्रमुख रूप से उपस्थित थे:
बबीता नत्थानी, अशोक ठाकुर, प्रकाश जगत, कमलेश मिश्रा, कमलाकांत शुक्ला, अमनदीप शर्मा, हरीश साहू, पप्पू खैरा, पम्मी चोपड़ा, भूपेन्दर शेरगिल, मनप्रीत सिंह मुल्तानी, मन्नू गिल, अभय ठाकुर, शानू दीवान, सूरज साहू, हैप्पी बाजवा, रूपेश कुमार साहू, अभिषेक ठाकुर, कृष्णा नायक, बाकर अब्बास, मोहसिन खान, जैगम अब्बास, भानुप्रताप सिंह, दाऊलाल साहू, संदीप तिवारी, हर्षित जायसवाल, वेद प्रकाश कुशवाहा आदि।
