
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दुखद हादसे में रेलवे के जूनियर इंजीनियर सत्येंद्र सिंह कंवर की डैम में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा रविवार को उस वक्त हुआ जब वह अपने दोस्तों के साथ कोरी डैम (घोंघा जलाशय, कोटा) में पिकनिक मनाने गया था। लगभग 12 घंटे की रेस्क्यू कार्रवाई के बाद सोमवार सुबह सत्येंद्र का शव बरामद किया गया।
मस्ती के बीच हादसा
जानकारी के अनुसार, सत्येंद्र सिंह कंवर अंबिकापुर का निवासी था और रेलवे के कंस्ट्रक्शन विभाग में जूनियर इंजीनियर के रूप में कार्यरत था। रविवार को वह अपने पांच दोस्तों (तीन लड़के और दो लड़कियां) के साथ डैम पर पिकनिक मनाने गया था। दोपहर में सभी ने नहाया और वापस लौटे, लेकिन शाम को सत्येंद्र दोबारा डैम में नहाने चला गया, जहां वह अचानक गहराई में चला गया और डूब गया।
12 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही कोटा पुलिस और फिर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। अंधेरा होने के बावजूद रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी रात जारी रहा। अंततः सोमवार सुबह सत्येंद्र का शव डैम में तैरता हुआ मिला। शव को बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
सुरक्षा इंतजामों की कमी
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जिस डैम पर हादसा हुआ वहां कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं थे। ना ही लाइफ गार्ड मौजूद थे और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे। यह सवाल खड़ा करता है कि पर्यटन स्थलों या जलाशयों पर प्रशासन द्वारा सुरक्षा को लेकर कितनी गंभीरता बरती जा रही है।
जांच जारी
पुलिस ने दोस्तों से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई है। प्रारंभिक जांच में यह मामला दुर्घटनावश डूबने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
