
रायपुर। भारत के जापान को पीछे छोड़कर विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के ऐतिहासिक अवसर पर दिए गए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नकारात्मक बयान पर भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी और महालेखाकार छत्तीसगढ़ के पूर्व सलाहकार सीए अमित चिमनानी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
चिमनानी ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि,“कांग्रेस को देश की हर उपलब्धि से तकलीफ होती है। जब-जब देश आगे बढ़ता है और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का डंका बजता है, तब कांग्रेस में मायूसी छा जाती है। कांग्रेस के नेता तथ्यहीन और निराशाजनक बयान देने लगते हैं। भूपेश बघेल का ताजा बयान भी उसी श्रेणी में आता है।”
“सभी भारतीयों का योगदान, सिर्फ कॉरपोरेट्स का नहीं”
पूर्व सीए चिमनानी ने जोर देकर कहा कि भारत की आर्थिक तरक्की केवल कॉरपोरेट जगत की वजह से नहीं, बल्कि देश के किसानों, महिलाओं, युवाओं और मध्यम वर्ग के प्रयासों से संभव हुई है। उन्होंने कहा कि:“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में 40 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाई गई है। 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। भ्रष्टाचार की 85% प्रणाली को समाप्त कर दिया गया है।”
“बजट और आय में हुआ ऐतिहासिक इजाफा”
अमित चिमनानी ने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि भारत का केंद्रीय बजट 2014 में 16 लाख करोड़ था, जो अब बढ़कर 50 लाख करोड़ रुपये हो गया है। देश की प्रति व्यक्ति आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सुधार आया है।
“भूपेश बघेल पहले अपनी आय बताएं”
भूपेश बघेल पर व्यक्तिगत हमला करते हुए चिमनानी ने कहा कि उन्हें खुद सार्वजनिक करना चाहिए कि पिछले 11 वर्षों में उनकी, सोनिया गांधी और राहुल गांधी की आय कितनी बढ़ी।“यदि पूरे देशवासियों की आमदनी बढ़ी है, तो उनकी भी जरूर बढ़ी होगी। ऐसे में उनका बयान खुद उनके आंकड़ों से ही गलत साबित हो जाता है।”
“देश की उपलब्धियों पर कांग्रेस की नकारात्मकता अक्षम्य”
अमित चिमनानी ने अंत में कहा कि जब भी देश को गर्व करने का मौका मिलता है, कांग्रेस उसके खिलाफ बयानबाजी करके राष्ट्र की गरिमा को ठेस पहुंचाने का काम करती है।
