Saturday, March 7, 2026
Homeछत्तीसगढ़गुलमोहर पेड़ के नीचे लगी मुख्यमंत्री की चौपाल : कनकबीरा पहुंचे विष्णु...

गुलमोहर पेड़ के नीचे लगी मुख्यमंत्री की चौपाल : कनकबीरा पहुंचे विष्णु देव साय, ग्रामीणों से किया संवाद

रायपुर सारंगढ़-बिलाईगढ़। सुशासन तिहार के अंतिम चरण के तहत छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम कनकबीरा पहुंचे, जहां उन्होंने एक गुलमोहर पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर जैसे ही प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास परिसर में उतरा, पूरे गांव में उत्साह की लहर दौड़ गई।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से छत्तीसगढ़ी भाषा में आत्मीय संवाद करते हुए कहा, “यह मेरा सौभाग्य है कि आज मैं आप सभी से मिल रहा हूँ। मुझे ऐसा लग रहा है जैसे मैं अपने परिवार के बीच हूँ।”

सुशासन तिहार सरकार का रिपोर्ट कार्ड है

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि सुशासन तिहार तीन चरणों में चलाया गया — पहले चरण में जनता से आवेदन, दूसरे में कार्रवाई, और अब तीसरे में सरकार खुद गांव तक पहुँची है। उन्होंने कहा कि यह तिहार न केवल जन कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा है, बल्कि सरकार की पारदर्शिता और जवाबदेही का प्रमाण भी है।

प्रधानमंत्री आवास, धान खरीदी, महतारी वंदन योजना पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए हैं। ‘आवास प्लस’ सूची के पात्र लोगों को भी घर मिलेगा। उन्होंने कहा कि किसानों से किया गया वादा निभाते हुए 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी की गई है।

‘महतारी वंदन योजना’ के तहत 70 लाख से अधिक महिलाओं को सीधे खातों में राशि दी गई है। उन्होंने कहा कि जो महिलाएं अभी वंचित हैं, उन्हें भी जल्द जोड़ा जाएगा।

डिजिटल सेवा, तीर्थ दर्शन और पारदर्शी भर्ती की पहल

मुख्यमंत्री ने बताया कि 24 अप्रैल से अटल डिजिटल सेवा केंद्र ग्राम पंचायतों में शुरू किए गए हैं, जिससे ग्रामीणों को गांव में ही बैंकिंग और अन्य डिजिटल सेवाएं उपलब्ध होंगी। पीएससी भर्ती घोटाले पर उन्होंने सख्त कार्रवाई की बात दोहराई और भरोसा दिलाया कि भविष्य में सभी भर्तियाँ निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होंगी।

योजनाओं की हकीकत परखा, घोषणाएं भी कीं

मुख्यमंत्री ने योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का आकलन ग्रामीणों से सीधा संवाद कर किया। उन्होंने बिजली, राशन, पेयजल और महतारी वंदन योजना की स्थिति की जानकारी ली और किसानों को मक्का, मूंग, उड़द जैसी वैकल्पिक फसलें अपनाने की सलाह दी।

इस अवसर पर उन्होंने कई घोषणाएं भी कीं:

  • नरगीखोल-लात नाले पर पुलिया निर्माण

  • कनकबीरा में मंगल भवन और कन्या छात्रावास

  • गोड़म में नया पंचायत भवन

पूर्व विधायक और बुजुर्ग का सम्मान

चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री की नजर पूर्व विधायक शमशेर सिंह पर पड़ी, जिन्हें उन्होंने ससम्मान पास बिठाया और हालचाल जाना। वहीं, 85 वर्षीय भागीरथी साहू से भेंट कर मुख्यमंत्री ने उन्हें अपना साफा पहनाकर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कनकबीरा स्थित दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की और कहा कि “हमारी सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है, जनकल्याण ही सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular