
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र के जयंती नगर में 24 मई को एक हाई प्रोफाइल सेक्स रैकेट का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने दबिश देकर मौके से मकान मालिक सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया था और घटनास्थल से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की थी।
अब इस मामले में नया मोड़ सामने आया है। गिरफ्तार महिलाओं में से एक के मंगेतर विशाल चौधरी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विशाल का कहना है कि उसकी मंगेतर भारतीय नागरिक है, लेकिन पुलिस ने उसे जबरन बांग्लादेशी नागरिक घोषित कर दिया। विशाल ने कोर्ट में महिला की भारतीय नागरिकता से जुड़े सभी दस्तावेज प्रस्तुत किए हैं।
विशाल का दावा है कि पुलिस की कार्रवाई में भारी लापरवाही बरती गई है और निर्दोष महिला को बदनाम किया जा रहा है। इसके जवाब में पुलिस का कहना है कि उन्होंने सभी आवश्यक जांच के बाद ही कार्रवाई की है और फिलहाल सभी संभावित एंगल्स की जांच जारी है।
गौरतलब है कि पुलिस ने 24 मई को की गई छापेमारी में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए कई आपत्तिजनक वस्तुएं जब्त की थीं। इस मामले में अभी जांच जारी है और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सच्चाई सामने लाने के लिए हर पहलू से छानबीन की जा रही है।
