
अंबिकापुर (सरगुजा)। लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लोसगी पंडरीपानी में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में दो लोगों की करंट लगने से मौत हो गई। खेत की सुरक्षा के लिए अवैध रूप से लगाए गए करंटयुक्त तार की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। मृतकों की पहचान विष्णु मांझी और नीरसाय यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, कुन्नी गांव निवासी विष्णु मांझी अपनी ससुराल पंडरीपानी लोसगी में रह रहा था। शुक्रवार को वह गांव के ही नीरसाय यादव के घर का छप्पर सुधारने गया था। काम के बाद नीरसाय उसे खेत के रास्ते घर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान चूल्हट नाला के पास खेत के चारों ओर बिछाए गए करंटयुक्त तार की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खेत मालिक रघु मांझी ने अपनी धान फसल को मवेशियों से बचाने के लिए बिजली पोल से अवैध हुकिंग कर तार में करंट प्रवाहित किया था। लोहे के तार के बाड़े को सीधे विद्युत खंभे से जोड़ दिया गया था। शनिवार सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों ने दोनों शव देखे और तत्काल सरपंच व पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची, दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद से आरोपी रघु मांझी फरार है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
फसलों की सुरक्षा के नाम पर जानलेवा जाल
लखनपुर क्षेत्र में हाल के वर्षों में कई किसान फसल सुरक्षा के नाम पर झटका करंट या सीधे विद्युत पोल से हुकिंग कर तारों में करंट प्रवाहित कर रहे हैं। इससे पहले ग्राम बेलदगी में एक बैल की भी इसी तरह मौत हो चुकी है। अब इंसानी जानें जाने से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस खतरनाक प्रवृत्ति पर तुरंत रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
