
रायपुर। देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के पदाधिकारियों ने बताया कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की 20वीं क्षेत्रीय रेलवे उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (ZRUCC) की पहली बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सहयोगात्मक वातावरण में रायपुर में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने की।
बैठक में सांसद विजय बघेल, ZRUCC सदस्य समीर कांत माथुर, कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन अमर पारवानी, प्रदेश एक्सक्यूटिव चेयरमेन जितेन्द्र दोशी, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, महामंत्री सुरिंदर सिंह और कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल सहित कई अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
ZRUCC सदस्य लोकेश साहू ने बैठक में यात्रियों की सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिनमें प्रमुख हैं:
-
भांठागांव अंतराज्यीय बस स्टैंड में रेल टिकट बुकिंग काउंटर खोला जाए, जिससे हजारों यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
-
कोरोना काल में बंद पड़ी ट्रेनों का पुनः संचालन हो, विशेषकर पंजाब के लिए चलने वाली अत्यंत आवश्यक अंट्योदय एक्सप्रेस को पुनः शुरू किया जाए।
-
रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 07 पर वेटिंग हॉल और बैठने की उचित व्यवस्था की जाए।
-
स्टेशन परिसर में शाकाहारी और मांसाहारी भोजन की दुकानों को अलग-अलग किया जाए।
-
यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए; सामान चोरी की घटनाएं रोकने के लिए सतर्क निगरानी हो।
-
ट्रेनों और स्टेशन के शौचालयों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए।
-
रायपुर से धमतरी, चरामा, कांकेर होते हुए जगदलपुर तक रेललाइन शुरू की जाए जिससे आदिवासी अंचल को रेलवे से जोड़ा जा सके।
साहू एवं कैट पदाधिकारियों ने रेलवे प्रशासन का आभार व्यक्त किया कि उनकी सक्रिय भागीदारी से छत्तीसगढ़ में गया-लोकमान्य-गया, दुर्ग-विशाखापट्टनम वंदे भारत एक्सप्रेस, रायपुर-अभनपुर मेमू पैसेंजर जैसी नई ट्रेनों का संचालन संभव हुआ है। इसके साथ ही सभी प्रमुख स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत अधोसंरचना का तेजी से विकास हो रहा है।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि ZRUCC सदस्यों के सुझावों के चलते रेलवे क्षेत्र में यात्रियों की सुविधाओं में लगातार सुधार हो रहा है, और यह मंच रेलवे तथा यात्रियों के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बन रहा है।
