
रायपुर। राजधानी में अवैध मदिरा के खिलाफ आबकारी विभाग की सख्त कार्रवाई जारी है। 3 जून 2025 को रायपुर के रामसागर पारा स्थित आदेश्वर कॉम्प्लेक्स के पीछे एक व्यावसायिक परिसर में आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में तस्करी की शराब जब्त की है। इस दौरान एक प्रॉपर्टी डीलर अनिल जैन को गिरफ्तार किया गया है, जो मध्यप्रदेश से अवैध रूप से शराब तस्करी कर रहा था।
आबकारी आयुक्त एवं CSMCL के प्रबंध संचालक श्याम धावडे तथा रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में विभाग की टीम ने आरोपी के किराए के कमरे से 79 बोतल अवैध विदेशी शराब जब्त की। जब्त की गई शराब में शामिल हैं:
-
21 बोतल Blenders Pride Ultra Whisky
-
27 बोतल Royal Challenge Whisky
-
22 बोतल Royal Stag Whisky
-
9 बोतल McDowell No.1 Whisky
जब्त शराब की कुल मात्रा 59.25 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत ₹75,060/- आंकी गई है।
प्रॉपर्टी डीलिंग की आड़ में शराब का धंधा
आरोपी अनिल जैन प्रॉपर्टी डीलिंग का व्यवसाय करता है, लेकिन प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वह इस पेशे की आड़ में अवैध शराब के कारोबार में भी संलिप्त था। उसके कब्जे से ट्रैवल बैग, शराब की खाली पेटियां और दर्जनों खाली बोतलें भी बरामद की गईं।
मोबाइल फोन जब्त, नौकरों से पूछताछ
पुलिस को शक है कि इस अवैध कारोबार में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। इसी सिलसिले में आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है और उसके नौकरों से भी पूछताछ की जा रही है।
कानूनी कार्रवाई
आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36 और 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना आबकारी उपनिरीक्षक विक्रम ठाकुर के नेतृत्व में की जा रही है।
टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी टेक बहादुर कुर्रे, आशीष सिंह, उपनिरीक्षक कौशल सोनी, सुश्री नीलम स्वर्णकार, और प्रकाश देशमुख की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अवैध मदिरा के विरुद्ध जिला प्रशासन की यह सख्त कार्रवाई भविष्य में तस्करी और कालेधंधे पर लगाम लगाने की दिशा में एक ठोस कदम मानी जा रही है।
