
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। पुलिस वाहन से एक आरोपी के फरार होने की घटना के बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त कार्रवाई करते हुए प्रधान आरक्षक समेत 5 पुलिसकर्मियों को तत्काल सस्पेंड कर दिया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 2 जून को आरोपी रितेश को पेशी के लिए कुनकुरी न्यायालय ले जाया गया था। पेशी के बाद जब पुलिस टीम आरोपी को लेकर लौट रही थी, उसी दौरान वाहन में बैठे अन्य 6 आरोपियों के बीच से रितेश हथकड़ी खोलकर फरार हो गया। यह घटना चलती गाड़ी में हुई, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
इन पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
एसएसपी ने ड्यूटी में गंभीर लापरवाही बरतने के चलते जिन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया है, उनके नाम इस प्रकार हैं:
-
प्रधान आरक्षक सुनसाय एक्का
-
आरक्षक लव कुश पैंकरा
-
आरक्षक जनक साय
-
आरक्षक डायमंड तिग्गा
-
आरक्षक पुतूरु राम
इन सभी को रक्षित केंद्र जशपुर में भेजा गया है और नियमानुसार इन्हें जीवन निर्वाह भत्ता देय रहेगा।
जांच के आदेश
एसएसपी ने पूरे मामले की प्रारंभिक जांच की जिम्मेदारी एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा को सौंपी है। आरोपी की तलाश जारी है और पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
