
रायपुर। लखीमपुर असम में लगातार हो रही बारिश और बाढ़ से उत्पन्न संकट के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने असम के लखीमपुर जिले के आमटोला और रंगानदी क्षेत्र में दो दिवसीय दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों की दुर्दशा पर चिंता जताई और केंद्र व राज्य की भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार को घेरते हुए कहा कि “यह सरकार सिर्फ भ्रष्टाचार कर रही है, जबकि जनता पानी में डूबकर जीवन यापन को मजबूर है।”
विकास उपाध्याय ने बताया कि बाढ़ से स्कूल, अस्पताल, घर सब प्रभावित हो चुके हैं और लोग अपने परिवार व पालतू जानवरों के साथ सड़क किनारे तंबू में रहने को मजबूर हैं। “लोगों को दो वक्त की रोटी तक नसीब नहीं हो रही है, छोटे-छोटे बच्चों के लिए भी कोई व्यवस्था नहीं की गई है,” उन्होंने कहा।
उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में यूपीए सरकार ने 400 करोड़ रुपये का विशेष राहत पैकेज असम को दिया था, जिससे उस समय पीड़ितों को राहत मिली थी। वहीं अब भाजपा की सरकार ने आठ साल में कुछ नहीं किया।
गृह मंत्री के पुराने वादे पर उठाए सवाल
विकास उपाध्याय ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने 8 वर्ष पहले असम दौरे के समय वादा किया था कि राज्य को बाढ़ की समस्या से जल्द मुक्ति मिलेगी, लेकिन वह वादा आज तक अधूरा है।
कांग्रेस कर रही है राहत कार्य
उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी लगातार राहत सामग्री, राशन और चिकित्सा सुविधाएं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचा रही है। कांग्रेस नेता स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनकर मदद कर रहे हैं और पूरी रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को दी जा रही है।
उन्होंने कहा, “भाजपा की सरकार मूकदर्शक बनी हुई है, और असम की जनता को उसके हाल पर छोड़ दिया गया है। ऐसे समय में कांग्रेस ही एकमात्र राजनीतिक पार्टी है जो जमीन पर लोगों के साथ खड़ी है।”
