
रायपुर। भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के दिशा-निर्देश में युवाओं को पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता से जोड़ने के लिए ‘My Bharat’ पोर्टल की शुरुआत की गई है। इस पोर्टल के माध्यम से 15 से 29 वर्ष के युवा विभिन्न सामाजिक, आपातकालीन सेवाओं और पर्यावरणीय कार्यक्रमों से जुड़ सकते हैं।
रजिस्ट्रेशन पर मिलेगा भारत सरकार का प्रमाण पत्र
युवाओं को पोर्टल पर अपना नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। OTP कन्फर्मेशन के बाद रजिस्ट्रेशन पूरा होता है, और इसके तुरंत बाद भारत सरकार का अधिकृत डिजिटल प्रमाण पत्र भी प्राप्त होता है।
सिविल डिफेंस वॉलंटियर बनने का अवसर
इस पोर्टल के माध्यम से युवा स्वयं को सिविल डिफेंस वॉलंटियर के रूप में भी रजिस्टर कर सकते हैं। इसके अंतर्गत वे आपातकालीन सेवाएं जैसे फायर सर्विस, अस्पताल और पुलिस विभाग की गतिविधियों में सहायक भूमिका निभा सकते हैं।
स्थानीय कार्यक्रमों में भागीदारी
My Bharat पोर्टल युवाओं को उनके शहर में आयोजित हो रहे कार्यक्रमों की जानकारी भी प्रदान करता है। युवा अपनी रुचि के अनुसार इनमें सक्रिय सहभागिता कर सकते हैं। ये कार्यक्रम विकसित भारत की दिशा में जन-सहभागिता को मजबूत करने में सहायक होंगे।
शैक्षणिक गतिविधियाँ और क्विज भी शामिल
यह पोर्टल एक्सपेरिमेंटल लर्निंग प्रोग्राम, विषय-आधारित क्विज, और विकसित भारत अभियान से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी का भी केंद्र है, जिससे युवा अपने ज्ञान और अनुभव को बढ़ा सकते हैं।
युवाओं को जोड़ने की पहल
भारत सरकार की यह पहल न केवल युवाओं को देश की सामाजिक, शैक्षणिक व पर्यावरणीय गतिविधियों से जोड़ती है, बल्कि राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को भी सशक्त करती है।
