Saturday, March 7, 2026
HomeRaipur policeफरार हिस्ट्रीशीटर रोहित सिंह तोमर की पत्नी भावना तोमर गिरफ्तार, 15 लाख...

फरार हिस्ट्रीशीटर रोहित सिंह तोमर की पत्नी भावना तोमर गिरफ्तार, 15 लाख की लग्जरी कार व दस्तावेज जब्त

रायपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र में अवैध वसूली, धोखाधड़ी और धमकी के मामलों में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर रोहित सिंह तोमर की पत्नी भावना तोमर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपिया की गिरफ्तारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह के निर्देशन, एएसपी पश्चिम दौलत राम पोर्ते, एएसपी शहर लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक राजेश देवांगन के पर्यवेक्षण में की गई।

क्या है पूरा मामला?

थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 230/2025 के अंतर्गत धारा 308(2), 111(1) भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 4 छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस केस में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।

भावना तोमर, जो शुभकामना वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड की संचालक हैं, कंपनी के नाम पर जमीन की खरीदी-बिक्री और उधारी के नाम पर जबरन वसूली में संलिप्त पाई गईं। उन्होंने 3 लाख रुपए उधारी देकर 15 लाख रुपए की जगुआर कार गिरवी रखी और 5 लाख रुपए और वसूलने के बाद भी 10 लाख की अतिरिक्त मांग की।

गिरफ्तारी के समय जब्ती:

  • जगुआर कार (कीमत: ₹15 लाख)

  • 2 मोबाइल फोन (कीमत: ₹30,000)

  • जमीन खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज, भरे हुए व कोरे स्टांप पेपर, कोरे चेक आदि जब्त किए गए।

तेलीबांधा केस से भी जुड़ा है मामला

थाना तेलीबांधा, रायपुर से प्राप्त पत्र (दिनांक 5 जून 2025) के अनुसार, रोहित सिंह तोमर वहाँ दर्ज अपराध क्रमांक 332/2025, धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के मामले में भी फरार है। उसके निवास पर 03 जून को तलाशी वारंट के तहत छापा मारा गया, जिसमें वह तो फरार मिला, लेकिन भारी मात्रा में संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए।

परिवार सहित संगठित रैकेट का खुलासा

गवाहों के बयान में यह सामने आया कि रोहित तोमर, वीरेंद्र तोमर और उनके अन्य साथी उधार पर कोरे चेक व स्टांप लेकर अवैध रूप से वसूली करते थे। ब्याज के रूप में मोटी रकम वसूलते और लोगों को जान से मारने व जेल भेजने की धमकी दी जाती थी। आरोप है कि शुभ्रा तोमर, नेहा तोमर और भावना तोमर समेत परिवार की महिलाएं भी इस वसूली नेटवर्क में शामिल थीं।

आरोपिया भावना तोमर गिरफ्तार

जांच में भावना तोमर की संलिप्तता स्पष्ट रूप से सामने आने के बाद, दिनांक 15 जुलाई 2025 को पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया। इससे पहले आरोपी से पूछताछ कर गवाहों के समक्ष मेमोरेंडम भी लिया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular