
जगदलपुर शहर के सौंदर्यीकरण और बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने 50 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। यह राशि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग से मंजूर की गई है।
इस घोषणा के साथ ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और नगरीय प्रशासन मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव का सहृदय आभार प्रकट किया है।
विकास की रूपरेखा:
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने बताया कि उन्होंने नगरीय प्रशासन मंत्री को पत्र भेजकर शहर के प्रमुख विकास कार्यों के लिए विशेष राशि की मांग की थी। जिन कार्यों के लिए यह स्वीकृति प्राप्त हुई है, उनमें शामिल हैं:
बोधघाट थाना से कमिश्नर ऑफिस तक बीटी सड़क चौड़ीकरण
एमपीएम हॉस्पिटल से एलआईसी रोड तक सड़क चौड़ीकरण
दलपत सागर सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य
मुक्तिधाम से समुंद चौक – पावर हाउस चौक – पंचपथ चौक – लालबाग – आमागुड़ा चौक तक सड़क चौड़ीकरण
नालंदा परिसर (500 सीटर सेंट्रल लाइब्रेरी सह रीडिंग ज़ोन) का निर्माण कार्य
दलपत सागर का कायाकल्प
किरण देव ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि बस्तर की ऐतिहासिक धरोहर दलपत सागर के योजनाबद्ध सौंदर्यीकरण हेतु भी इस राशि में से हिस्सा निर्धारित किया गया है। यह कार्य बस्तरवासियों की वर्षों पुरानी मांग को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
किरण देव का वक्तव्य
“
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में बस्तर का विकास सदैव प्राथमिकता में रहा है। ये 50 करोड़ की राशि जनता की वर्षों पुरानी मांगों के समाधान की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी। दलपत सागर हो या नालंदा परिसर, हर योजना को ज़मीन पर उतारना हमारी प्रतिबद्धता है।”
— किरण सिंह देव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक
जल्द होगा कार्यों का शुभारंभ
किरण देव ने जानकारी दी कि सभी विकास कार्यों का जल्द ही शुभारंभ किया जाएगा और क्षेत्र की जनता को सौगात के रूप में इन परियोजनाओं का लाभ मिलेगा। यह राशि जगदलपुर शहर के बहुमुखी विकास और आधुनिक स्वरूप की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी।
