
रायपुर। राजधानी के माना थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक निगरानी बदमाश को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का नाम रॉकी मिर्धा पिता अनंत मिर्धा (32 वर्ष) है, जो 18 ब्लॉक माना कैंप थाना माना कैंप जिला रायपुर का निवासी है। आरोपी के कब्जे से एक लोहे का चाकू बरामद किया गया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अटल नगर नवा रायपुर विवेक शुक्ला, तथा नगर पुलिस अधीक्षक माना लम्बोदर पटेल के निर्देशन और पर्यवेक्षण में अपराधों पर अंकुश लगाने हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
31 जुलाई 2025 को पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि माना कैंप क्षेत्र के 18 ब्लॉक के पास आम रास्ते पर एक व्यक्ति हाथ में चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना माना कैंप पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची और बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रॉकी मिर्धा बताया। उसके पास से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही ज़ब्त कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 25, 27 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
थाना माना कैंप पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।
