
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पाकिस्तान से पंजाब होते हुए छत्तीसगढ़ तक फैले अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में 1 करोड़ रुपये मूल्य की 412.87 ग्राम हेरोइन, मोबाइल फोन, कार, तौल मशीन, और नकद सहित कई अहम सबूत बरामद किए गए हैं।
पंजाब से जुड़ा मुख्य तस्कर गिरफ्तार, पाकिस्तान से माल मंगाने के इनपुट
मुख्य आरोपी लवजीत सिंह उर्फ बंटी, पंजाब के गुरदासपुर जिले का रहने वाला है, जो पाकिस्तान से हेरोइन प्राप्त कर भारत में सप्लाई करता था। पूछताछ में सामने आया है कि लवजीत व अन्य आरोपी अंतरराष्ट्रीय वर्चुअल मोबाइल नंबरों के जरिए नेट कॉलिंग का उपयोग करते थे ताकि जांच एजेंसियों से बच सकें।
सप्लाई हब बना था रायपुर का मकान
टिकरापारा थाना क्षेत्र के कमल विहार सेक्टर-4 स्थित आरोपी सुवित श्रीवास्तव के मकान को इस नेटवर्क का हब बनाया गया था। पुलिस ने इसी स्थान पर दबिश देकर लवजीत सिंह, सुवित श्रीवास्तव और अश्वन चंद्रवंशी को गिरफ्तार किया।
गिरफ़्तारी और जप्ती का ब्यौरा:
-
जप्त हेरोइन: 412.87 ग्राम (मूल्य ~ ₹1 करोड़)
-
अन्य सामान: मोबाइल फोन, क्रेटा कार (CG 04 QH 7491), तौल मशीन, चेकबुक, एटीएम कार्ड, हेरोइन सेवन का सामान
-
प्रकरण संख्या: 600/25
-
धारा: 21(सी), 29 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपी:
-
लवजीत सिंह उर्फ बंटी – गुरदासपुर, पंजाब
-
सुवित श्रीवास्तव – रायपुर
-
अश्वन चंद्रवंशी – राजनांदगांव
-
लक्ष्य परिफल राघव उर्फ लव – रायपुर
-
अनिकेत मालाधरे – महाराष्ट्र (गोंदिया)
-
मनोज सेठ – महासमुंद
-
मुकेश सिंह – रायपुर
-
जुनैद खान उर्फ सैफ चिला – मौदहापारा, रायपुर
-
राजविंदर सिंह उर्फ राजू – कांकेर (हाल रायपुरा, रायपुर)
करोड़ों के ट्रांजैक्शन का खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क के जरिए करोड़ों रुपये के लेन-देन किए गए हैं। इसके लिए ‘म्यूल अकाउंट्स’ का उपयोग किया जा रहा था, जो मुखौटा खातों के तौर पर ट्रांजैक्शन में इस्तेमाल होते हैं।
आगे की कार्यवाही:
-
पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान में जुटी है
-
अंतर्राष्ट्रीय सप्लाई चैन और वर्चुअल नंबरों की मदद से ऑपरेट किए जा रहे नेटवर्क की तकनीकी जांच चल रही है
-
इस महत्वपूर्ण सफलता पर पुलिस महानिदेशक ने टीम को बधाई दी है और इनाम हेतु प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए हैं
