
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कुम्हारी टोल प्लाजा को लेकर सियासी घमासान एक बार फिर तेज हो गया है। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि “भारतीय जनता पार्टी का नाम अब ‘भारतीय झूठा पार्टी’ रखा जाना चाहिए”। उन्होंने केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के हालिया पत्र को हास्यास्पद करार देते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ की जनता के साथ सरासर अन्याय है।
गडकरी के पत्र पर उठाए सवाल
विकास उपाध्याय ने बताया कि गडकरी ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल को पत्र लिखकर यह जानकारी दी है कि कुम्हारी टोल प्लाजा फिलहाल बंद नहीं किया जाएगा, और यह निर्णय अब जून 2026 में बनने वाले दुर्ग-रायपुर-आरंग बाईपास के बाद ही विचाराधीन होगा। इस पर उपाध्याय ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “सदन में खड़े होकर गडकरी खुद कह चुके हैं कि 60 किमी के भीतर दो टोल प्लाजा नहीं होंगे, फिर यह दोहरा मापदंड क्यों?”
अवैध वसूली का आरोप
विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि कुम्हारी टोल प्लाजा पर 2 मार्च 2015 को टोल वसूली समाप्त होनी चाहिए थी, लेकिन उसे 2020 तक 40% बढ़ाकर जारी रखा गया और आज भी अवैध रूप से शुल्क वसूला जा रहा है। उन्होंने इसे “अवैध वसूली का केंद्र” बताते हुए कहा कि यह एनएचएआई के नियमों और सरकार के दिशा-निर्देशों का घोर उल्लंघन है।
“बृजमोहन अग्रवाल झूठी वाहवाही लेना बंद करें”
पूर्व विधायक ने भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल पर सीधा हमला करते हुए कहा कि वे गडकरी के पत्र को सोशल मीडिया पर वाहवाही लूटने का माध्यम बना रहे हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि टोल प्लाजा बंद होने की बजाय जनता को झूठे आश्वासन दिए जा रहे हैं।
बड़े जन आंदोलन की चेतावनी
विकास उपाध्याय ने कहा कि अब कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर बड़ा जन आंदोलन खड़ा करेगी। उन्होंने कहा कि पहले भी एनएचएआई कार्यालय, क्षेत्रीय प्रमुख, और स्थानीय सांसदों से संपर्क कर ज्ञापन दिए गए हैं, हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, लेकिन केंद्र और राज्य सरकार दोनों ने इस गंभीर मुद्दे को नजरअंदाज किया है।
अब कुम्हारी टोल प्लाजा को लेकर संगठित और चरणबद्ध जन आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी रणनीति कांग्रेस पार्टी जल्द घोषित करेगी।
