
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा के लिए बेहतर माहौल देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। राज्य भर में 34 नए नालंदा परिसर बनाए जा रहे हैं, जो अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त सेंट्रल लाइब्रेरी-सह-रीडिंग जोन होंगे। इनमें ऑनलाइन और ऑफलाइन पढ़ाई की सुविधा के साथ-साथ उत्कृष्ट अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध होगी।
इन परिसरों का निर्माण न केवल रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, भिलाई और रायगढ़ जैसे बड़े शहरों में किया जा रहा है, बल्कि सुकमा, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, सूरजपुर, बैकुंठपुर, चिरमिरी, कुनकुरी, बलरामपुर और पेंड्रा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों को भी शामिल किया गया है।
प्रदेश का सबसे बड़ा नालंदा परिसर रायगढ़ में
रायगढ़ में 700 सीटर सेंट्रल लाइब्रेरी का निर्माण एनटीपीसी के सीएसआर फंड से हो रहा है, जिसके लिए 42.56 करोड़ रुपए का करार किया गया है। यह राज्य का सबसे बड़ा नालंदा परिसर होगा।
दो वर्षों में 237.57 करोड़ की स्वीकृति
नगरीय प्रशासन विभाग ने पिछले दो वर्षों में 33 परिसरों के लिए कुल 237.57 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। 2025-26 में 125.88 करोड़ और 2024-25 में 111.70 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।
11 परिसरों के लिए जारी हुई प्रथम किश्त
हाल ही में 11 नगरीय निकायों के लिए 19.14 करोड़ रुपए की प्रथम किश्त जारी की गई है। इनमें दुर्ग, राजनांदगांव, अंबिकापुर, जशपुर, बलौदाबाजार, बालोद, बेमेतरा, कवर्धा, कांकेर, जांजगीर और कुनकुरी शामिल हैं।
किस शहर में कितने सीटर?
-
500 सीटर लाइब्रेरी: रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, अंबिकापुर, भिलाई, जगदलपुर, बिलासपुर, जशपुर, लोरमी, गरियाबंद
-
250 सीटर लाइब्रेरी: धमतरी, चिरमिरी, कवर्धा, बेमेतरा, कांकेर, बलरामपुर, दंतेवाड़ा, सुकमा समेत 22 शहरों में
रायपुर में जल्द दो और नई लाइब्रेरियां
राजधानी रायपुर में वर्तमान में तीन प्रमुख सेंट्रल लाइब्रेरी संचालित हैं — एक हजार सीटर नालंदा परिसर, 800 सीटर तक्षशिला लाइब्रेरी और 500 सीटर स्मार्ट रीडिंग जोन। अब दो नई लाइब्रेरियों (1000 और 500 सीटर) के लिए 22.80 करोड़ और 11.28 करोड़ रुपए की मंजूरी मिल चुकी है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, “ये नालंदा परिसर सिर्फ इमारत नहीं, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की बुनियाद हैं। हमारा लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ का हर युवा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पाए और अपने सपनों को साकार कर सके।”
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा, “प्रदेश सरकार युवाओं को बेहतर माहौल देने के लिए प्रतिबद्ध है। ये लाइब्रेरीज़ उनकी सफलता की राह में एक मजबूत आधार बनेंगी।”
