Saturday, March 7, 2026
HomeRaj Chakar Newsहिमाचल ट्रैकिंग बना आखिरी सफर, रायपुर के युवक की तीन दिन बाद...

हिमाचल ट्रैकिंग बना आखिरी सफर, रायपुर के युवक की तीन दिन बाद लाश मिली

रायपुर। भारी बारिश और लैंडस्लाइड की घटनाओं से जूझ रहे हिमाचल प्रदेश में एक और दर्दनाक हादसा सामने आया है। रायपुर के उरकुरा निवासी पोषण आडिल (उम्र 37 वर्ष) की लैंडस्लाइड की चपेट में आने से मौत हो गई। अपने दोस्तों के साथ छुट्टियां मनाने हिमाचल गए पोषण की शव तीन दिन बाद बरामद की गई, जिससे उनके परिवार और परिचितों में शोक की लहर है।

ट्रैकिंग के दौरान हुआ हादसा

पोषण आडिल अपने पांच दोस्तों – शिव, धनेश्वर, संजय, हरिशंकर और निखिल सिंह – के साथ 31 जुलाई को हिमाचल प्रदेश की यात्रा के लिए रवाना हुआ था। सभी एक अगस्त को दिल्ली पहुंचे और फिर किन्नौर की ओर प्रस्थान किया। यात्रा के लिए आवश्यक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में पोषण को चार अगस्त का स्लॉट मिला, जबकि उसके साथी तीन अगस्त को ही आगे निकल गए।

पोषण तंगलींग में रुक गया और 5 अगस्त को ट्रैकिंग के लिए अकेले ही निकल पड़ा। शाम 7:38 बजे उसकी दोस्तों से अंतिम बार बातचीत हुई, जब वह गणेश गुफा के पास था। उसी दिन इलाके में तेज बारिश के कारण लैंडस्लाइड और जलप्रवाह की घटनाएं दर्ज की गईं।

तीन दिन बाद मिली सूचना, परिवार में मातम

जब पोषण से दो दिनों तक कोई संपर्क नहीं हुआ, तो दोस्तों ने 7 अगस्त को स्थानीय थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस और स्थानीय प्रशासन द्वारा तलाशी अभियान चलाया गया। 8 अगस्त को एक शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान पोषण आडिल के रूप में की गई।

पोस्टमार्टम के बाद हिमाचल प्रशासन द्वारा शव को हरिद्वार भेजा गया, जहां परिवार की उपस्थिति में अंतिम संस्कार किया गया।

पेशा: पेंटर, परिवार के साथ रहता था उरकुरा में

पोषण पेशे से पेंटर था और रायपुर के उरकुरा क्षेत्र में अपने परिवार के साथ निवास करता था। उनके असमय निधन से न केवल परिवार, बल्कि मित्रों और जानने वालों में गहरा शोक व्याप्त है।

बढ़ रही हैं प्राकृतिक आपदाएं, सतर्कता जरूरी

उल्लेखनीय है कि हिमाचल और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में इन दिनों लगातार भारी बारिश, भूस्खलन और बाढ़ जैसी आपदाएं देखने को मिल रही हैं। प्रशासन द्वारा लगातार ट्रैवल अलर्ट जारी किए जा रहे हैं, बावजूद इसके पर्यटकों की आवाजाही बनी हुई है। यह घटना चेतावनी है कि पहाड़ी इलाकों की यात्रा के दौरान प्राकृतिक परिस्थितियों को गंभीरता से लेना आवश्यक है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular