
कोरबा। आगामी रक्षाबंधन, स्वतंत्रता दिवस और गणेश चतुर्थी जैसे बड़े त्योहारों के मद्देनज़र कोरबा पुलिस ने जिले में अपराध नियंत्रण और नशे के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। इसी अभियान के तहत 13.2 किलो गांजा और एक स्कॉर्पियो वाहन के साथ चार गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर सख्त कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी द्वारा हाल ही में आयोजित क्राइम मीटिंग में सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया था कि गांजा, नशीली दवाइयों और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए। इस निर्देश के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर और नगर पुलिस अधीक्षक भूषण एक्का के मार्गदर्शन में एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
गुप्त सूचना और योजनाबद्ध घेराबंदी
साइबर सेल कोरबा और सिविल लाइन रामपुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति स्कॉर्पियो वाहन में अवैध गांजा लेकर तस्करी करने वाले हैं। सूचना की पुष्टि के बाद दोनोें टीमों ने संयुक्त रणनीति बनाकर संभावित मार्गों पर निगरानी शुरू की। योजनाबद्ध घेराबंदी के बाद CG 12 BP 1653 नंबर की स्कॉर्पियो को रोका गया।
13 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद
वाहन की तलाशी में अलग-अलग पैकेटों में रखा 13 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके साथ ही चार आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
-
किरण महंत पिता पंचम दास (35 वर्ष) — निवासी रजगामार, थाना बालको नगर
-
प्रकाश कुमार महंत पिता रुद्रनारायण (32 वर्ष) — नेहरू नगर, थाना सिविल लाइन रामपुर
-
दिनेश कुमार यादव पिता स्व. श्यामलाल (40 वर्ष) — रिस्ती चौक, थाना सिविल लाइन रामपुर
-
कृष्ण कुमार प्रजापति पिता नेतराम (42 वर्ष) — रामपुर बस्ती, थाना सिविल लाइन रामपुर
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
चारों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 472/2025, धारा 20(बी) NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया गया है। बरामद गांजा सीलबंद कर विधिवत कार्रवाई पूरी की गई। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस का सतर्क अभियान जारी
कोरबा पुलिस का यह अभियान त्योहारी सीजन में नशे के विरुद्ध सतर्कता और सक्रियता का प्रतीक है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि नशीली वस्तुओं की तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
