
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 10 अगस्त को भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लेने वाले सभी बहादुर स्वतंत्रता सेनानियों को गहरी कृतज्ञता के साथ याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के प्रेरक नेतृत्व में चलाए गए इस ऐतिहासिक आंदोलन ने देश में स्वतंत्रता की लौ को प्रज्वलित किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा:“हम बापू के प्रेरक नेतृत्व में भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लेने वाले सभी वीरों को गहरी कृतज्ञता के साथ याद करते हैं। उनके साहस ने देशभक्ति की एक ऐसी चिंगारी प्रज्वलित की जिसने असंख्य लोगों को स्वतंत्रता संग्राम में एकजुट किया।”
स्वतंत्रता संग्राम में निर्णायक मोड़ था भारत छोड़ो आंदोलन
भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत 9 अगस्त 1942 को मुंबई के गोवालिया टैंक मैदान से हुई थी, जिसे महात्मा गांधी ने “करो या मरो” के नारे के साथ शुरू किया था। यह आंदोलन ब्रिटिश शासन के खिलाफ एक निर्णायक लड़ाई का प्रतीक बना। लाखों भारतीयों ने इसमें भाग लिया और जेल गए।
प्रधानमंत्री मोदी का यह बयान ऐसे समय आया है जब देश स्वतंत्रता संग्राम के उन अनगिनत बलिदानियों को याद कर रहा है जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर भारत को स्वतंत्र कराने का मार्ग प्रशस्त किया।
