
रायपुर। रायपुर जिले के विधानसभा थाना क्षेत्र में अवैध शराब परिवहन के एक मामले में एण्टी क्राइम एण्ड सायबर यूनिट तथा थाना विधानसभा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुलशन कुमार गेण्डरे को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में देशी शराब तथा बिना नंबर की एक्टिवा वाहन बरामद की गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मांढर कच्ची रोड की ओर से एक व्यक्ति बिना नंबर की एक्टिवा वाहन में शराब लेकर मेन रोड की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर एण्टी क्राइम यूनिट और थाना विधानसभा पुलिस की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पडाव पारा मांढर मेन रोड के पास संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम गुलशन कुमार गेण्डरे, उम्र 36 वर्ष, निवासी दोन्देखुर्द दुर्गापारा, थाना विधानसभा, जिला रायपुर बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के थैलों से 200 पौवा देशी शराब बरामद की गई।
कानूनी दस्तावेज नहीं पेश कर सका आरोपी
जब टीम ने शराब रखने और परिवहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा तो आरोपी कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सका, बल्कि पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा। इस पर पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया।
कानूनी कार्यवाही एवं जब्ती
आरोपी के पास से शराब के साथ-साथ बिना नंबर की एक्टिवा वाहन भी जब्त की गई, जिसकी कुल अनुमानित कीमत ₹70,000 बताई जा रही है। आरोपी के विरुद्ध थाना विधानसभा में अपराध क्रमांक 395/25 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।
कार्रवाई में इन अधिकारियों की रही भूमिका
इस संयुक्त कार्रवाई में निरीक्षक शिवेन्द्र सिंह राजपूत (थाना प्रभारी विधानसभा), प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पाण्डेय (एण्टी क्राइम यूनिट), प्रआर रविकांत पाण्डेय, खिलेश्वर राजपूत, आरक्षक राजकुमार देवांगन, कलेश्वर कश्यप, प्रमोद बेहरा, विजय बंजारे, एवं सउनि श्रीराम वर्मा (थाना विधानसभा) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
