Saturday, March 7, 2026
Homeरायपुरछत्तीसगढ़ की संस्कारधानी रायपुर में मचेगी दही-हांडी की धूम, 11 लाख के...

छत्तीसगढ़ की संस्कारधानी रायपुर में मचेगी दही-हांडी की धूम, 11 लाख के इनाम के लिए देशभर से जुटेंगे गोविंदा

रायपुर। रायपुर की पावन धरा गुढ़ियारी इस वर्ष फिर एक भव्य ऐतिहासिक आयोजन की साक्षी बनने जा रही है। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर, सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति एवं श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में 17 अगस्त 2025, रविवार को अवधपुरी मैदान, श्रीनगर रोड, गुढ़ियारी में छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा दही-हांडी उत्सव आयोजित होगा।

समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता का विजेता 11 लाख रुपये का भव्य पुरस्कार प्राप्त करेगा। वहीं 50 लोगों की टोली को 11 हजार और 100 लोगों की टोली को 21 हजार रुपये की सांत्वना राशि भी दी जाएगी।

देशभर से पहुंचेगी गोविंदा टोलियां

इस भव्य आयोजन की ख्याति अब प्रदेश की सीमाओं को पार कर राष्ट्रीय स्वरूप ले चुकी है। रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, कवर्धा, बेमेतरा सहित छत्तीसगढ़ के कई जिलों से टोलियों के साथ-साथ महाराष्ट्र, झारखंड, ओडिशा और मध्यप्रदेश से भी गोविंदा टोलियां हिस्सा लेंगी।

समिति के सह-संयोजक हेमेंद्र साहू ने बताया कि अब तक 25 से अधिक स्थानीय टोलियां, जिनमें महिला टीमें भी शामिल हैं, अपना पंजीकरण करा चुकी हैं। महाराष्ट्र के माटुंगा, इंदौर और जबलपुर की नामचीन टोलियां भी इस प्रतियोगिता में शिरकत करेंगी। प्रतियोगिता पूर्णतः निःशुल्क है।

मनोरंजन का महाजश्न – पवनदीप, गीता रबारी, पूनम-तिव्या

दही-हांडी के जोश में भक्ति और संगीत का तड़का लगाने आ रहे हैं देश के लोकप्रिय कलाकार:

  • इंडियन आइडल विनर पवनदीप राजन

  • लोकप्रिय भजन गायिका गीता बेन रबारी, जिनकी भक्ति की गूंज देश-विदेश में सुनी जाती है

  • छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान पूनम और दिव्या तिवारी, जिन्हें राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जा चुका है

इसके अतिरिक्त, ओडिशा की पारंपरिक ‘घंटा बाजा’ प्रस्तुति और ग्रीस लगे खंभे पर चढ़ने की प्रतियोगिता इस आयोजन को और भी रोमांचक बनाएंगे।

एक छोटे आयोजन से राष्ट्र स्तरीय उत्सव तक का सफर

संयोजक बसंत अग्रवाल ने आयोजन की यात्रा को याद करते हुए बताया कि यह उत्सव वर्ष 2010 में महावीर स्कूल के पास एक छोटे मैदान से शुरू हुआ था। उस समय केवल मोहल्ले की कुछ समितियां भाग लेती थीं। लेकिन आज, आपके आशीर्वाद और श्रीकृष्ण की कृपा से यह आयोजन प्रदेश का सबसे बड़ा और प्रतिष्ठित दही-हांडी उत्सव बन गया है।

कोरोना काल के दो वर्षों के अवकाश के बाद, यह उत्सव अब अपने 16वें संस्करण में और भी भव्यता और उल्लास के साथ लौट रहा है।

सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतज़ाम

  • दर्शकों के लिए विशाल बैठने की व्यवस्था

  • हर मोर्चे पर पुलिस बल की तैनाती

  • प्राथमिक उपचार केंद्र और एम्बुलेंस

  • भीड़ नियंत्रण व ट्रैफिक व्यवस्था हेतु प्रशासनिक सहयोग

समिति ने यह स्पष्ट किया है कि प्रतियोगिता के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना की जिम्मेदारी संबंधित टोली की होगी, आयोजन समिति इसके लिए जिम्मेदार नहीं होगी।

 आयोजन विवरण:

तारीख: 17 अगस्त 2025, रविवार
समय: शाम 4 बजे से
स्थान: अवधपुरी मैदान, श्रीनगर रोड, गुढ़ियारी, रायपुर

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular