Saturday, March 7, 2026
HomeRaipur policeनवा रायपुर में स्टंटबाजों पर पुलिस की सख्ती : 128 बाइक और...

नवा रायपुर में स्टंटबाजों पर पुलिस की सख्ती : 128 बाइक और 6 कारें जब्त, घायल युवक को पहुंचाया अस्पताल

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नवा रायपुर की सड़कों को स्टंट का मैदान बनाने पहुंचे बाइकर्स गैंग पर रायपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। सिविल ड्रेस में तैनात पुलिस बल की घेराबंदी में 128 बाइकों और 6 कार चालकों को पकड़ा गया, जो तेज रफ्तार से स्टंट करते हुए सड़कों पर लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहे थे।

सोशल मीडिया के जरिए बुलावा, पुलिस की तगड़ी प्लानिंग

बाइकर्स गैंग द्वारा इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर स्टंट के फोटो और वीडियो पोस्ट कर अन्य युवाओं को नवा रायपुर बुलाया गया था। इससे पहले 14 अगस्त को भी पुलिस ने 9 ऐसे बाइकर्स को जेल भेजा था, जिन्होंने सोशल मीडिया पर स्टंट वीडियो अपलोड किए थे।

पुनरावृत्ति की आशंका को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) डॉ. प्रशांत शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अटल नगर) विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में एक विशेष अभियान चलाया गया। उप पुलिस अधीक्षक सतीश ठाकुर और गुरजीत सिंह के नेतृत्व में 5 निरीक्षक, 20 यातायात कर्मी, क्रेन पेट्रोलिंग व थाना प्रभारी राखी व मंदिर हसौद की टीम सहित कुल 40 अधिकारियों-कर्मचारियों की टीम लगाई गई

घायल युवक को पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

इस कार्रवाई के दौरान एक स्टंटबाज युवक असंतुलित होकर गिर गया और सड़क किनारे घायल पड़ा मिला। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित उठाया, एंबुलेंस बुलवाई और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। जांच में पता चला कि युवक का हाथ फ्रैक्चर हो गया था।

कानूनी कार्रवाई और चेतावनी

पकड़े गए वाहन चालकों के विरुद्ध लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना, स्टंट करना, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना, नंबर टेंपरिंग, बिना हेलमेट व दस्तावेजों की कमी जैसे विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। सभी वाहनों को जब्त कर थाना राखी, मंदिर हसौद एवं अटल नगर यातायात थाने में रखा गया है। आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

रायपुर पुलिस की अपील

रायपुर पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल स्टंट वीडियो को देखकर उनकी नकल न करें। स्टंट करना जानलेवा हो सकता है, जिससे गंभीर चोटें, स्थायी विकलांगता या मृत्यु भी हो सकती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular