
रायपुर 2 जनवरी 26 रायपुर नगर निगम के अंतर्गत आने वाले जोन क्रमांक 05 के शासकीय कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी का चुनाव चिन्ह (कमल) लगाए जाने के गंभीर मामले को लेकर आज कांग्रेस के कार्यकर्ता शहर अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के निर्देश पर बड़ी संख्या में जोन कार्यालय पहुँचे और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस कृत्य को संविधान, लोकतंत्र और शासकीय निष्पक्षता के खिलाफ बताते हुए जोन कमिश्नर के खिलाफ नारेबाजी की एवं प्रशासन की चुप्पी पर कड़ा आक्रोश जताया तथा विरोध स्वरूप जोन कार्यालय के सामने कांग्रेस का झंडा लगाया।
शहर प्रवक्ता बंशी कन्नौजे ने कहा कि नगर निगम एक शासकीय संस्था है न कि किसी राजनीतिक दल का कार्यालय, और वहाँ किसी भी पार्टी का चुनाव चिन्ह लगाना सरकारी नियमों का खुला उल्लंघन है। इसकी जानकारी एक हफ्ते पूर्व हमने जोन कमिश्नर के संज्ञान में डाल दी गई थी लेकिन इसके बावजूद भी नगर निगम दफ्तर से भाजपा का चुनाव चिन्ह नहीं हटाया गया,यह दर्शाता है कि भाजपा शासन-प्रशासन को अपने संगठन के रूप में चलाने की मानसिकता रखती है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंप कर मांग की है कि जोन क्रमांक 05 के कार्यालय से भाजपा का चुनाव चिन्ह तत्काल हटाया जाए,इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई तय की जाए,और भविष्य में शासकीय परिसरों को राजनीतिक प्रचार से मुक्त रखा जाए।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते इस मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष प्रशांत ठेंगड़ी वार्ड अध्यक्ष सुयश शर्मा योगेश दीक्षित डोमेश शर्मा मोहम्मद नियाज उत्तम देवांगन प्रीति सोनी निशा शर्मा मुकेश कुकरेजा गौरव यादव ऐश्वर्य साहू रोहित साहू संतोष वर्मा अंकुश शर्मा राहुल सिंह दीपक यादव उपस्थित थे।
