रायपुर: छत्तीसगढ़ के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया है कि राज्य में 150 करोड़ रुपये के बड़े किताब घोटाले में भाजपा सरकार षड्यंत्रकारियों को बचा रही है। उन्होंने कहा कि एक महीने बीत जाने के बाद भी इस मामले में अब तक किसी पर एफआईआर नहीं हुई है, जिससे सरकार की अनदेखी स्पष्ट होती है।
उपाध्याय ने आरोप लगाया कि गुमराह करने के लिए पाठ्यपुस्तक के महाप्रबंधक को निलंबित किया गया है, जबकि असली दोषी ठेकेदार, नेता, मंत्री और अधिकारी अब तक पकड़े नहीं गए हैं। उन्होंने कहा कि यह घोटाला शिक्षा के नाम पर छत्तीसगढ़ को शर्मसार करने वाला है और इसका जवाब प्रदेश की जनता को देना होगा।
कांग्रेस ने मांग की है कि इस घोटाले की सीबीआई जांच या मजिस्ट्रेट स्तर पर समिति बनाकर जांच की जाए, लेकिन सरकार की ओर से इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उपाध्याय ने कहा कि जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलती, कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को उठाती रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि साय सरकार बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
