
रायपुर छत्तीसगढ़। पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए 28 निर्दोष नागरिकों और 10 जवानों को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आव्हान पर संपूर्ण भारत में ‘‘जय हिंद तिरंगा यात्रा’’ का आयोजन किया गया। राजधानी रायपुर में इस यात्रा का नेतृत्व पूर्व विधायक विकास उपाध्याय और वरिष्ठ कांग्रेसजनों ने किया।
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यह समय देश के साथ खड़े होने का है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए 28 लोगों को शहीद का दर्जा दिया जाए। साथ ही उन्होंने पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया।
उपाध्याय ने कहा, “अब ये आर-पार की लड़ाई है। जब तक पाकिस्तान के आतंकियों का सफाया नहीं हो जाता, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा। पूरा देश अपनी सेना और सशस्त्र बलों के साथ मजबूती से खड़ा है। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता इस कठिन समय में देश और सेना के साथ है।”
इस यात्रा के माध्यम से कांग्रेस पार्टी ने पूरे देश में भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और बलिदान को नमन किया। विभिन्न राज्यों में आयोजित इस यात्रा में हर जाति, धर्म और समुदाय के लोग शामिल हुए, जो देश की एकता और अखंडता का परिचायक बना।
पूर्व विधायक ने कहा, “हमें अपने वीर जवानों पर गर्व है। इनके पराक्रम की जितनी भी प्रशंसा की जाए, वह कम है। जब तक हिंदुस्तान में ऐसा हौसला और जज़्बा है, कोई भी दुश्मन हमारे आत्मसम्मान को ललकार नहीं सकता।”
उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने हमेशा विश्व शांति और भाईचारे का संदेश दिया है, लेकिन जब भी किसी ने हमारे धैर्य की परीक्षा ली है, भारत ने मुंहतोड़ जवाब दिया है।
‘‘जय हिंद तिरंगा यात्रा’’ न केवल एक श्रद्धांजलि थी, बल्कि यह संदेश भी था कि पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है और अपने सशस्त्र बलों के सम्मान में हर कदम पर साथ खड़ा रहेगा।