Sunday, September 20, 2026
HomeRaipur Newsरायपुर के श्री सर्व धर्म संकट मोचन हनुमान मंदिर परिसर में भव्य...

रायपुर के श्री सर्व धर्म संकट मोचन हनुमान मंदिर परिसर में भव्य महाभंडारा, प्रथम बार विराजित हुए गणपति बप्पा

*17 वर्षों से निरंतर जारी है मानव सेवा का संकल्प,संस्थापक कुबेर राठी के नेतृत्व में गणेशोत्सव पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़*

 

*श्री सर्व धर्म ऑफिस परिसर में गूंजे गणपति के जयकारे, कुबेर राठी के नेतृत्व में संपन्न हुआ भव्य महाभंडारा*

 

*रायपुर*। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित रेलवे स्टेशन परिसर में आस्था, सद्भाव और जनसेवा का एक अनूठा केंद्र बना ‘श्री सर्व धर्म संकट मोचन हनुमान मंदिर सेवा समिति’ लगातार जन-कल्याणकारी कार्यों का पर्याय बन रहा है। समिति द्वारा विगत 17 वर्षों से प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाला अनवरत महाभंडारा इस सप्ताह भी भव्यता एवं गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस महाभंडारे में सुबह से लेकर देर रात तक लगभग 5,000 से 6,000 श्रद्धालुजनों ने बजरंगबली जी का भोग प्रसाद ग्रहण किया।उल्लेखनीय है कि इस महाभंडारे की शुरुआत सन 2009 में समिति के संस्थापक एवं प्रख्यात समाजसेवी कुबेर राठी द्वारा की गई थी, जो बिना किसी बाधा के लगातार जारी है।

 

*पहली बार विराजित हुई प्रथम पूज्य की प्रतिमा*

 

इस वर्ष का गणेशोत्सव समिति के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ रहा है। संस्थापक कुबेर राठी के नेतृत्व में श्री सर्व धर्म सेवा समिति के कार्यालय परिसर में प्रथम बार प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा पूर्ण विधि-विधान से विराजित की गई है। इस अवसर पर प्रतिदिन शहर के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु भगवान गणपति बप्पा का आशीर्वाद प्राप्त करने पहुँच रहे हैं।

 

शनिवार को महाभंडारे के उपरांत समिति के कार्यालय परिसर में भगवान विनायक गजानन की विशेष पूजा-अर्चना एवं आरती संपन्न हुई। संस्थापक कुबेर राठी ने स्वयं शास्त्रीय परंपराओं के अनुसार पूजन कर महाआरती की तथा समस्त प्रदेशवासियों की खुशहाली, सुख-समृद्धि एवं आरोग्य की मंगल कामना की। आरती के पश्चात उपस्थित जनसमुदाय को भोग प्रसाद वितरित किया गया।

 

*मानव सेवा ही माधव सेवा: गणमान्य जनों ने जताया आभार*

 

कार्यक्रम में उपस्थित सामाजिक कार्यकर्ता, आंध्रा एसोसिएशन के पूर्व सचिव तथा हनुमान मंदिर सेवा समिति के संरक्षक श्रीनिवास राव ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि मानव सेवा ही माधव सेवा के मूल मंत्र को कुबेर राठी जी ने अपने कर्मों से चरितार्थ किया है। उनके मार्गदर्शन और सहयोग में यह सेवा कार्य वर्षों से अनवरत चल रहा है। गणेशोत्सव के पावन अवसर पर यहाँ श्री गणेश प्रतिमा की स्थापना कर प्रतिदिन विधि-विधान से आरती एवं पूजा-अर्चना होना एक सराहनीय पहल है। श्रीनिवास राव ने समाजसेवी कुबेर राठी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर प्रगति की प्रार्थना की तथा सभी श्रद्धालुओं को गणेशोत्सव पर्व की हार्दिक बधाई दी।

 

वहीं, कार्यक्रम में शामिल वरिष्ठ कांग्रेस नेता आसिफ मेमन ने संस्थापक कुबेर राठी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि कुबेर राठी जी के नेतृत्व में पहली बार श्री सर्व धर्म संकट मोचन हनुमान मंदिर सेवा समिति परिसर में भगवान गणेश जी की स्थापना की गई है। जहाँ कुबेर राठी जी का सानिध्य और नेतृत्व होता है, वहाँ किसी चीज़ की कमी नहीं रहती। वे समाज के प्रत्येक वर्ग और हर श्रद्धालु की ज़रूरतों का पूरा ध्यान रखते हैं।

 

कार्यक्रम के दौरान ‘श्री सर्व धर्म सेवा समिति’ की समर्पित कार्यकर्ता शाहनाज अली ने समिति की सर्वधर्म समभाव की मिसाल पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस सेवा समिति में सभी धर्मों और वर्गों के लोग कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करते हैं, जहाँ हर शनिवार को सभी सदस्य एकजुट होकर पूर्ण निष्ठा के साथ भगवान बजरंगबली जी की सेवा व महाभंडारे में कार्य करते हैं। परिसर में भगवान गणेश की प्रथम बार हुई स्थापना पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश जी के विराजित होने से समिति में एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है। उन्होंने विघ्नहर्ता से मंगल कामना करते हुए प्रार्थना की कि संस्थापक कुबेर राठी जी इसी प्रकार निरंतर सामाजिक व जन-कल्याणकारी कार्यों में उत्तरोत्तर उन्नति करते रहें। शाहनाज अली ने विश्वास दिलाया कि समाज सेवा के इस पवित्र संकल्प और हर कार्य में समिति के सभी भाई-बहन सदैव कुबेर राठी जी के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।

 

इसी क्रम में ‘श्री सर्व धर्म सेवा समिति’ के कार्यकर्ता गुरुचरण चंद्रा ने संस्थापक कुबेर राठी के समर्पित नेतृत्व की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि पिछले 17 वर्षों से बिना किसी विघ्न के निरंतर महाभंडारे का सफल आयोजन कराना कुबेर राठी जी की असीम निष्ठा, दूरदर्शिता और अद्भुत सेवा-भावना का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने कहा कि समिति कार्यालय परिसर में प्रथम पूज्य भगवान गणेश जी की स्थापना भी उन्हीं के मार्गदर्शन में संभव हो सकी है, जहाँ प्रतिदिन भारी संख्या में श्रद्धालु प्रभु दर्शन हेतु पहुँच रहे हैं। कुबेर राठी जी की प्रशंसा करते हुए उन्होंने आगे कहा कि वे समाज कल्याण के कार्यों के लिए एक सशक्त प्रेरणापुंज हैं, जो निस्वार्थ भाव से समाज के प्रत्येक वर्ग की सेवा में तत्पर रहते हैं और उनका यही स्नेही स्वभाव एवं कुशल नेतृत्व पूरी समिति को जनसेवा के इस पावन मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने की ऊर्जा प्रदान करता है।

 

दिनभर चले इस भव्य धार्मिक व सामाजिक आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बजरंगबली व गणपति बप्पा के भक्त उपस्थित रहे। पूरे मंदिर परिसर में दिनभर “जय श्रीराम”, “जय बजरंगबली” और “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारे गूंजते रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular