
रायपुर। संविधान निर्माता, भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी रायपुर शहर जिला द्वारा “बाबा साहेब सम्मान समारोह” का आयोजन भव्य रूप में किया गया। पार्टी के शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर के नेतृत्व में 13 और 14 अप्रैल को दो दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला चलाई गई, जिसमें स्वच्छता अभियान से लेकर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ तक शामिल रहा।
प्रतिमा की सफाई और दीप प्रज्वलन से हुई शुरुआत
13 अप्रैल की शाम, रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) परिसर में बाबा साहेब की आदमकद प्रतिमा की सफाई कर स्वच्छता अभियान चलाया गया। तत्पश्चात, भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलन किया और बाबा साहेब को नमन किया।
जयंती के दिन हुए अनेक कार्यक्रम
14 अप्रैल की सुबह मेकाहारा परिसर में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, सुनील सोनी, जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में माल्यार्पण एवं पुष्पवर्षा की गई। इसके बाद मरीजों को फल वितरण कर सेवा भाव प्रकट किया गया।
कार्यक्रम में नेताओं ने रखे विचार
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा: बाबा साहेब का जीवन हर वर्ग के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने संघर्षों से भरा जीवन जीते हुए शिक्षा और संविधान के माध्यम से सामाजिक बदलाव की अलख जगाई।
विधायक राजेश मूणत ने कहा भाजपा ने सदैव संविधान का सम्मान कर बाबा साहेब को सच्ची श्रद्धांजलि दी है। जबकि कुछ सरकारों ने मनमानी कर संविधान की गरिमा को ठेस पहुंचाई।
जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने बताया सेवा पखवाड़े के तहत रायपुर के सभी 20 मंडलों और 1000+ बूथों पर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया। साथ ही बाबासाहेब के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
वृहद सहभागिता
इस कार्यक्रम में लक्ष्मी वर्मा, किशोर महानंद, जयंती पटेल, सत्यम दुआ, अकबर अली, अमित मैशेरी, मनीष चंद्राकर, समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, मंडल अध्यक्ष, पार्षदगण एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संविधान निर्माता को सच्ची श्रद्धांजलि
भारतीय जनता पार्टी रायपुर शहर जिला द्वारा इस आयोजन के माध्यम से बाबा साहेब के सामाजिक सुधार, समानता और न्याय के मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने का संदेश दिया गया। पार्टी ने यह भी संकल्प लिया कि संविधान निर्माता के बताए मार्ग पर चलकर देश को आत्मनिर्भर और समरस समाज की दिशा में अग्रसर किया जाएगा।