
रायपुर खरोरा। आज एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना में ग्राम चटौद (थाना विधानसभा क्षेत्र) के 10 से अधिक लोगों की मृत्यु हो गई एवं कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब स्वराज माजदा वाहन (क्रमांक CG 04 MQ 1259) में सवार ग्रामीण चौथिया छट्ठी कार्यक्रम में शामिल होकर खरोरा थाना क्षेत्र के ग्राम बाना बनारसी से लौट रहे थे।
रायपुर-बलौदबाज़ार मुख्य मार्ग पर सारागांव के समीप उनकी माजदा वाहन की एक तेज रफ्तार ट्रेलर से टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खरोरा एवं रायपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस एवं एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुँची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
स्थानीय प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है। हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।
