
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। वहीं, दक्षिणी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है।
दुर्ग सबसे गर्म
प्रदेश का सबसे गर्म जिला दुर्ग रहा, जहां सोमवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रायपुर में भी तापमान 42 डिग्री के करीब पहुंच गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बदलाव के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि इसके बाद तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा।
बारिश और गरज-चमक के आसार
आज मंगलवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ-साथ 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक मेघगर्जन और वर्षा की गतिविधियां बनी रहेंगी।
अंबिकापुर रहा सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ स्थानों पर अति हल्की बारिश हुई है। सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया।
मानसून की तैयारी शुरू
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं। अगले 4–5 दिनों में दक्षिण अरब सागर, मालदीव, कोमोरिन क्षेत्र, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के संकेत हैं।