रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (PRSU) में सोमवार को NSUI कार्यकर्ताओं ने परीक्षा समय में बदलाव की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों के विरोध ने उस वक्त उग्र रूप धारण कर लिया जब उन्हें कुलपति से मुलाकात नहीं करने दी गई और प्रशासनिक भवन के मेन गेट पर ताला लगा दिया गया। आक्रोशित छात्रों ने ताला तोड़ दिया और कुलपति मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे।
विवाद की वजह: सुबह 7 बजे परीक्षा का समय
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जून से शुरू हो रही सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए सुबह 7 बजे का समय तय किया गया है। छात्रों का कहना है कि दूरदराज से आने वाले विद्यार्थियों के लिए इतनी सुबह परीक्षा केंद्र पहुंचना मुश्किल है, क्योंकि उस समय परिवहन की सुविधा भी सीमित रहती है। NSUI का आरोप है कि पहले भी इस मुद्दे को उठाया गया था, लेकिन प्रशासन ने अनदेखी की।
गेट पर लगाया गया ताला, छात्रों ने तोड़ा
प्रदर्शन के दौरान NSUI छात्र ज्ञापन देने कुलपति से मिलने पहुंचे, लेकिन कुलपति के न मिलने और भवन के मुख्य द्वार पर ताला लगे होने से वे भड़क गए। नारेबाजी करते हुए छात्रों ने पत्थर से ताला तोड़ दिया। इसके बाद कुलसचिव शैलेन्द्र पटेल ने छात्रों की मांगें सुनीं और ज्ञापन स्वीकार किया।
ज्ञापन में मांगी गई ये प्रमुख बातें:
-
परीक्षा का समय सुबह 7 बजे से बदलकर व्यावहारिक समय पर लाया जाए।
-
रोल नंबर और परीक्षा केंद्र की जानकारी समय पर और स्पष्ट रूप से प्रदान की जाए।
-
सभी छात्रों को परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिले।
NSUI की ओर से बोले पुनेश्वर लहरे:
प्रदेश उपाध्यक्ष पुनेश्वर लहरे ने कहा, “घंटों गेट पर रोक कर छात्रों की बात नहीं सुनी गई, इसी कारण आक्रोश फूटा। अब प्रशासन ने कमेटी बनाकर शीघ्र निर्णय का आश्वासन दिया है।”
प्रदर्शन में ये नेता रहे शामिल:
अनुज शुक्ला (उत्तर विधानसभा अध्यक्ष), रजत ठाकुर (जिला महासचिव), अंकित बंजारे, हिमांशु तांडी, मनीष बांधे, विनय साहू, तिरुपति राव, आशीष पांडे, असलान शेख, लक्की सारथी समेत बड़ी संख्या में NSUI कार्यकर्ता मौजूद रहे।
