रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर कोविड-19 के संभावित खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता और निगरानी बढ़ा दी है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि कोविड या इन्फ्लूएंजा जैसे लक्षणों वाले मरीजों की सतत निगरानी की जा रही है और राज्य की तैयारियाँ पूरी हैं।
एक पॉजिटिव केस की पुष्टि, निगरानी में मरीज
रायपुर जिले में एक कोविड पॉजिटिव केस की पुष्टि हुई है। मरीज को नियमित स्वास्थ्य निगरानी में रखा गया है और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने सर्वेलेन्स व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक
स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया और स्वास्थ्य सेवाएं आयुक्त डॉ. प्रियंका शुक्ला के निर्देशन में सभी जिला सर्वेलेन्स अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा की गई।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि:
-
सर्दी, खांसी, बुखार और गले में खराश वाले मरीजों की समुचित देखभाल की जाए।
-
एसएआरआई (Severe Acute Respiratory Infection) के मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर भर्ती किया जाए।
-
सभी जिलों में जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
डॉ. अंबेडकर अस्पताल में तैयारियों की समीक्षा
कोविड के संभावित मामलों की स्थिति को लेकर रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय में तैयारियों की समीक्षा की गई। ओपीडी, वार्ड, ऑक्सीजन, बेड, और स्टाफ ड्यूटी से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई है।
-
सामान्य ओपीडी से अलग कोविड-19 ओपीडी की व्यवस्था की गई है।
-
संभावित गंभीर मरीजों के लिए अलग से प्रवेश और इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
-
अस्पताल में स्क्रीनिंग, टेस्टिंग और ट्रीटमेंट की पूर्ण व्यवस्था है।
देश में भी स्थिति नियंत्रण में: केंद्र सरकार की रिपोर्ट
हाल ही में भारत सरकार के डायरेक्टर जनरल हेल्थ सर्विसेस की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह बात स्पष्ट की गई है कि देश में कोविड-19 की स्थिति फिलहाल पूरी तरह नियंत्रण में है। अभी तक के मामलों में ज्यादातर संक्रमण माइल्ड हैं और अस्पताल में भर्ती होने की आवश्यकता नहीं पड़ी है।
🗣️ स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा:
“राज्य में वायरस जनित रोगों से निपटने के लिए आवश्यक सभी तैयारियाँ पूरी हैं। कोविड-19 के बढ़ते मामलों को लेकर घबराने की आवश्यकता नहीं है। सभी जिलों में स्वास्थ्य सुविधाएं और मैनपावर पर्याप्त है। हमारी टीम पूरी तरह सतर्क और तैयार है।”
नागरिकों से अपील:
-
लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराएं
-
मास्क पहनें और भीड़ से बचें
-
सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करें
