रायपुर। देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की टीम ने आज महामहिम राज्यपाल माननीय रमेन कुमार डेका से राजभवन में शिष्टाचार मुलाकात कर “एक राष्ट्र – एक चुनाव” के समर्थन में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन अमर पारवानी, प्रदेश एक्सक्यूटिव चेयरमेन जितेन्द्र दोशी, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, प्रदेश महामंत्री सुरिंदर सिंह और प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल ने जानकारी दी कि इस अवसर पर राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपकर देशहित में इस प्रस्ताव का समर्थन किया गया।
अमर पारवानी ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को अवगत कराया गया कि देश के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग समय पर चुनाव होने से विकास कार्यों में रुकावट आती है और देश की अर्थव्यवस्था पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि “एक राष्ट्र – एक चुनाव” की व्यवस्था लागू होती है, तो इससे राजनीतिक स्थिरता बढ़ेगी, लोकतंत्र मजबूत होगा और व्यापार एवं उद्योग जगत को स्थायी वातावरण मिलेगा।
इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान कैट और युवा कैट के कई पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक सतीश छुगानी, जितेन्द्र दोशी, परमानन्द जैन, भरत जैन, विक्रांत राठौर एवं कान्ति पटेल शामिल थे।
कैट प्रतिनिधियों ने आशा जताई कि राष्ट्रपति और सरकार इस सुझाव पर गंभीरता से विचार कर देश को एक नई दिशा देंगे।
