Saturday, May 23, 2026
Homeरायपुरमालेगांव ब्लास्ट पर फैसले के बाद दीपक बैज के बयान पर भड़की...

मालेगांव ब्लास्ट पर फैसले के बाद दीपक बैज के बयान पर भड़की भाजपा, संतोष पांडे ने कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप

रायपुर। मालेगांव बम विस्फोट मामले में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर, कर्नल पुरोहित समेत सभी आरोपियों को बरी किए जाने के बाद राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। इस मुद्दे पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा अदालत के निर्णय पर टिप्पणी करने के बाद भाजपा सांसद संतोष पांडे ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

सांसद संतोष पांडे ने कहा कि यह फैसला “असत्य पर सत्य और सनातन की जीत” है। उन्होंने कहा कि 17 वर्षों की लंबी कानूनी लड़ाई के बाद यह साबित हो गया कि हिंदुओं को झूठे आरोपों में फंसाकर ‘हिंदू आतंकवाद’ और ‘भगवा आतंकवाद’ जैसे फर्जी नैरेटिव यूपीए सरकार द्वारा गढ़े गए थे। पांडे ने कहा कि कांग्रेस ने सुनियोजित तरीके से हिंदू समाज और संत परंपरा को बदनाम करने का षड्यंत्र किया।

कांग्रेस को करना चाहिए माफी की मांग: भाजपा सांसद

पांडे ने कहा कि कांग्रेस को चाहिए कि वह देश, संत समाज, और सनातन संस्कृति के अनुयायियों से बिना शर्त माफी मांगे। उन्होंने आरोप लगाया कि आज भी कांग्रेस के नेता निर्णय की वैधता पर सवाल उठा रहे हैं, जो दर्शाता है कि कांग्रेस ने राजनीतिक स्वार्थ के लिए समाज को बाँटने का काम किया है।

दीपक बैज के बयान पर सीधा हमला

छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा इस मामले की जांच प्रक्रिया पर संदेह जताने को लेकर पांडे ने कहा,जब पूरा हिंदू समाज इस फैसले से राहत महसूस कर रहा है, तब कांग्रेस नेता उनके जख्मों पर नमक छिड़कने का काम कर रहे हैं। यह कांग्रेस के राजनीतिक ओछेपन और वैचारिक पतन की पराकाष्ठा है।

उन्होंने कहा कि दीपक बैज का बयान यह फिर साबित करता है कि “कांग्रेस को हिंदुओं से नफरत है”, और कांग्रेस का एकमात्र एजेंडा हिंदू समाज की भावनाओं को लहूलुहान करना है।

हिंदू समाज देगा जवाब

संतोष पांडे ने अंत में कहा कि हिंदू समाज कांग्रेस के इस “शर्मनाक राजनीतिक आचरण” का समय आने पर माकूल जवाब देगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular