
रायपुर। थाना पंडरी क्षेत्र में हुई कथित 15 लाख रुपये की लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चौंकाने वाला सच सामने लाया है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने वाला स्वयं प्रार्थी चिराग जैन ही लूट का मास्टरमाइंड निकला। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरी रकम सहित अन्य सामग्री बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
झूठी लूट की कहानी का पर्दाफाश
आरोपी चिराग जैन, निवासी वॉलफोर्ट वुड्स, थाना विधानसभा, रायपुर, ने थाना पंडरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 अगस्त 2025 को काले रंग की बाइक सवार तीन अज्ञात लोगों ने कांपा रेलवे फाटक के पास उसकी कार रोककर, गला रेतने की धमकी देकर उससे ₹15 लाख नगद, एक मोबाइल फोन और अंगूठियां लूट ली।
रिपोर्ट दर्ज होते ही अपराध क्रमांक 211/25 धारा 309(4), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पंडरी थाना, एंटी क्राइम और साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।
जांच में खुला झूठ का पूरा जाल
जांच के दौरान:
-
सीसीटीवी फुटेज में कथित घटना की पुष्टि नहीं हुई।
-
स्थानीय लोगों ने भी ऐसी कोई घटना न देखे जाने की बात कही।
-
प्रार्थी बार-बार बयान बदलता रहा, जिससे संदेह और गहराया।
-
तकनीकी साक्ष्यों और घटनास्थल पर ‘रिक्रिएशन’ में विरोधाभास पाए गए।
सख्ती से पूछताछ पर अंततः आरोपी चिराग जैन ने स्वीकार किया कि उसने खुद ही अपने फर्म के 15 लाख रुपये छुपा दिए थे। उसने बताया कि एमसीएक्स में हुए नुकसान और उड़ीसा के व्यापारियों से बचने के लिए उसने झूठी लूट की कहानी रची थी।
बरामदगी और कार्रवाई:
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद किया:
-
₹15,00,000 नगद
-
03 छोटी अंगूठियां
-
01 मोबाइल फोन
झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने पर आरोपी चिराग जैन के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. उमेद सिंह का निर्देश
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी ग्रामीण कीर्तन राठौर, एएसपी क्राइम संदीप मित्तल, सीएसपी सिविल लाइन नरेश पटेल सहित साइबर एवं पंडरी थाना की टीम ने सक्रियता से जांच कर सिर्फ 48 घंटों में सच को उजागर कर दिया।
पुलिस की अपील:
रायपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि झूठे मामलों की रिपोर्ट दर्ज करना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में न केवल पुलिस बल का दुरुपयोग होता है, बल्कि कानूनी दंड भी निश्चित है।
गिरफ्तार आरोपी:
चिराग जैन, पिता – चंद्रसिंह चंडालिया
उम्र – 27 वर्ष, निवासी – वॉलफोर्ट वुड्स, थाना विधानसभा, रायपुर
