डरी-सहमी अवस्था में मिली युवती को तत्काल सहायता प्रदान की गई
पुलिस की सक्रियता से आमजन का विश्वास और सुदृढ़ हुआ
आज को पिंक पेट्रोलिंग यूनिट को सूचना प्राप्त हुई कि एक अनजान युवती, नाम पूजा सिंधी उम्र लगभग 23 वर्ष, शिव मंदिर डगनिया बाजार के पास सुबह से बैठी हुई है तथा अत्यंत डरी-सहमी अवस्था में है। पूछताछ करने पर वह कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही थी एवं उसे तत्काल सहायता की आवश्यकता प्रतीत हो रही थी। सूचना प्राप्त होते ही पश्चिमी जोन की पिंक पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा मौके पर पहुंचकर उक्त युवती से संवेदनशीलता पूर्वक बातचीत करते हुए पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान युवती द्वारा बताया गया कि वह अपनी बुआ के घर तेलीबांधा गई थी, वहां से वह अपनी सहेली के घर सुंदर नगर जाने के लिए निकली, परंतु सहेली के घर का सही पता ज्ञात न होने के कारण रास्ता भटक गई। साथ ही, उसके पास मोबाइल फोन भी नहीं होने के कारण वह अपने परिजनों से संपर्क नहीं कर पा रही थी, जिससे वह घबराई हुई थी।
पिंक पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा तत्परता दिखाते हुए युवती से उसके परिजनों का संपर्क नंबर प्राप्त कर उनसे बातचीत की गई एवं पता सत्यापित किया गया, जिससे ज्ञात हुआ कि युवती रामसागर पारा की निवासी है। तत्पश्चात पिंक पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा युवती को अपने वाहन में सुरक्षित बैठाकर स्वयं उसके निवास स्थान पहुंचाया गया एवं उसे सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
पिंक पेट्रोलिंग यूनिट की यह कार्यवाही न केवल पुलिस की संवेदनशीलता एवं तत्परता को दर्शाती है, बल्कि आम नागरिकों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को भी और अधिक सुदृढ़ करती है।
